रायपुर में ‘टीम प्रहरी’ की कार्रवाई, शास्त्री चौक-जायस्तंभ चौक मार्ग से अतिक्रमण हटाने की चेतावनी; 17,500 का ई-चालान

रायपुर में ‘टीम प्रहरी’ अभियान के तहत शास्त्री चौक से जयस्तंभ चौक तक जीई रोड पर सड़क किनारे ठेला लगाकर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। नगर निगम और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने ठेला संचालकों को सड़क पर कब्जा नहीं करने की चेतावनी दी और कुल 17,500 रुपये का ई-चालान किया।

Aug 20, 2026 - 11:18
 0  5
रायपुर में ‘टीम प्रहरी’ की कार्रवाई, शास्त्री चौक-जायस्तंभ चौक मार्ग से अतिक्रमण हटाने की चेतावनी; 17,500 का ई-चालान

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l राजधानी में यातायात व्यवस्था को सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के लिए ‘टीम प्रहरी’ अभियान के तहत सड़क अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। अभियान के तहत शास्त्री चौक से जयस्तंभ चौक तक जीई रोड के मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे ठेला लगाकर यातायात में बाधा पैदा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला और रायपुर जिला कलेक्टर गौरव कुमार सिंह के आदेश तथा नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर नगर निगम और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने यह अभियान चलाया।

ठेला संचालकों को दी सख्त चेतावनी

नगर निगम की टीम ने शास्त्री चौक से जयस्तंभ चौक तक प्रमुख मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान मार्ग विभाजक के दोनों ओर सड़क पर ठेले लगाकर कब्जा करने वाले संचालकों को समझाइश दी गई।

अधिकारियों ने ठेला संचालकों को स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में सड़क पर अतिक्रमण कर यातायात बाधित नहीं किया जाए। सड़क पर दोबारा कब्जा पाए जाने पर सामान जब्त करने सहित नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि कार्रवाई के दौरान जब्त किए जाने वाले सामान के लिए संबंधित कब्जाधारी स्वयं जिम्मेदार होंगे।

17,500 रुपये का ई-चालान

अभियान के दौरान सड़क के मुख्य हिस्से पर किए गए अतिक्रमण को लेकर संबंधित ठेला संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कुल 17,500 रुपये का ई-चालान किया गया।

नगर निगम और यातायात पुलिस की टीम ने कार्रवाई के दौरान आम लोगों और राहगीरों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए प्रमुख मार्ग को अतिक्रमण से मुक्त रखने की समझाइश दी।

यातायात व्यवस्था सुधारने अभियान जारी

नगर निगम के अनुसार ‘टीम प्रहरी’ अभियान के तहत शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों और मुख्य मार्गों पर लगातार अतिक्रमणरोधी कार्रवाई की जा रही है। इसका उद्देश्य सड़क पर अनधिकृत कब्जे को हटाकर यातायात के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध कराना है।

अधिकारियों का कहना है कि प्रमुख मार्गों से अतिक्रमण हटने के बाद बाजार क्षेत्रों में यातायात जाम की समस्या को कम करने में मदद मिल रही है। अभियान आगे भी जारी रहेगा और सड़क पर दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई के दौरान नगर निगम अपर आयुक्त नगर निवेश पंकज के. शर्मा, नगर निवेशक आभाष मिश्रा, कार्यपालन अभियंता नगर निवेश आशुतोष सिंह, सहायक अभियंता नीतीश झा, नगर निवेश उड़न दस्ता प्रभारी तसव्वुर अली सहित यातायात पुलिस और नगर निगम की टीम मौजूद रही।