UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव,कवर्धा l नवीन बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण और यातायात व्यवस्था को लेकर नगर पालिका प्रशासन ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। गुरूतेग बहादुर चौक से लेकर रेवाबंद मार्ग और विंध्यवासिनी मार्ग तक सड़क किनारे व्यवसाय करने वाले कुछ दुकानदारों द्वारा अतिरिक्त बांस-बल्ली लगाकर निर्धारित स्थान से बाहर तक दुकानें संचालित किए जाने की शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं। इससे बाजार क्षेत्र में आवागमन प्रभावित होने के साथ वाहन चालकों और आम नागरिकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका प्रशासन, जिला प्रशासन और यातायात प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में पहले अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई थी।
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद व्यवसायियों को व्यवस्थित तरीके से दुकान लगाने और बैठने के लिए निर्धारित स्थान चिन्हित किए गए थे। प्रशासन की मंशा थी कि बाजार क्षेत्र में व्यवसाय भी सुचारु रूप से चलता रहे और सड़क पर आवागमन के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध रहे। हालांकि, इसके बावजूद कुछ व्यवसायियों ने दोबारा चिन्हित स्थल से बाहर बैठकर व्यवसाय शुरू कर दिया। इससे सड़क पर उपलब्ध स्थान प्रभावित होने लगा और यातायात व्यवस्था को लेकर फिर समस्या उत्पन्न होने लगी।
स्थिति की जानकारी मिलने के बाद नगर पालिका प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और संबंधित व्यवसायियों को दोबारा समझाइश दी। उन्हें स्पष्ट रूप से कहा गया कि वे केवल निर्धारित और चिन्हित स्थल के भीतर ही दुकान लगाकर व्यवसाय करें। सड़क पर अतिरिक्त बांस-बल्ली, सामान या अन्य सामग्री फैलाकर आवागमन बाधित नहीं करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि बाजार क्षेत्र में व्यवस्थित व्यवसाय और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने बताया कि नवीन बाजार क्षेत्र में सड़क पर अतिरिक्त बांस-बल्ली लगाकर व्यवसाय करने से लगातार आवागमन बाधित होने की शिकायतें मिल रही थीं। इसी को ध्यान में रखते हुए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की गई और व्यवसायियों के लिए स्थान निर्धारित कर उन्हें चिन्हित किया गया। उन्होंने कहा कि निर्धारित व्यवस्था का पालन करने से बाजार में आने वाले नागरिकों और वाहन चालकों को परेशानी नहीं होगी तथा व्यवसायियों को भी व्यवस्थित तरीके से कारोबार करने का अवसर मिलेगा।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी नारायण साहू ने कहा कि बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था और आम नागरिकों की सुविधा नगर पालिका की प्राथमिकता है। सड़क पर किसी भी प्रकार का अतिरिक्त अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने व्यवसायियों से अपील की कि वे निर्धारित स्थान पर ही अपनी दुकानें लगाएं और सड़क पर बांस-बल्ली, सामान या अन्य सामग्री रखकर यातायात बाधित न करें। नगर पालिका प्रशासन ने निर्देशों का पालन नहीं करने पर नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की चेतावनी भी दी है। प्रशासन की ओर से बाजार क्षेत्र में व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी जारी रखने की बात कही गई है।