कबीरधाम पुलिस ने रात में दुकानों में चोरी करने वाले 8 सदस्यीय गिरोह का किया पर्दाफाश
कबीरधाम पुलिस ने थाना बोडला, चौकी पोड़ी, थाना सहसपुर लोहारा और बेमेतरा जिले में दुकानों को निशाना बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। मामले में चोरी करने वाले चार आरोपियों और चोरी के सामान की खरीद-बिक्री व मध्यस्थता में शामिल चार अन्य आरोपियों समेत कुल आठ लोगों पर कार्रवाई की गई है। पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल लोहे की रॉड, मोटरसाइकिल, छह मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया है।
UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l कबीरधाम पुलिस ने रात के समय दुकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले 8 सदस्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना बोडला, चौकी पोड़ी और थाना सहसपुर लोहारा पुलिस के साथ साइबर थाना कबीरधाम की संयुक्त कार्रवाई में चोरी करने वाले चार आरोपियों तथा चोरी के सामान की खरीद-बिक्री और मध्यस्थता में शामिल चार अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य रात के समय किराना और अन्य दुकानों के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश करते थे और वहां रखी नगदी तथा सामान चोरी कर लेते थे।
पुलिस के अनुसार, चोरी के बाद सामान को छिपाकर रखने और फिर अलग-अलग लोगों के माध्यम से उसे बेचने का काम किया जाता था। 31 जुलाई और 1 अगस्त की मध्यरात्रि बोडला और पोड़ी क्षेत्र की दुकानों में चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। इन मामलों में थाना बोडला में अपराध क्रमांक 89/26 और 90/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305(A) के तहत जांच शुरू की गई थी। इसी तरह की चोरी की घटना सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र में भी सामने आई थी, जिस पर अलग मामला दर्ज किया गया था।
मामलों की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से संदिग्धों तक पहुंच बनाई। साइबर थाना कबीरधाम के निरीक्षक उमाशंकर राठौर, थाना बोडला के निरीक्षक रूपक शर्मा, थाना सहसपुर लोहारा प्रभारी मनीष मिश्रा और चौकी पोड़ी प्रभारी राकेश पटेल की टीम ने अलग-अलग स्तर पर जानकारी जुटाई। जांच के आधार पर पुलिस ने चोरी की घटनाओं में कथित रूप से शामिल रवि सारथी, लखन निषाद, राहुल सारथी और रिंकू साहू के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस ने चोरी के सामान की खरीद-बिक्री और मध्यस्थता में कथित रूप से शामिल एस सुब्बाराव पात्रों, राहुल दिलदार, शोएब खान और राजू कटले के खिलाफ भी भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) और 317(5) के तहत कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान रवि सारथी और राहुल सारथी ने बेमेतरा जिले में एक मोबाइल शॉप में भी चोरी की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है। इस संबंध में बेमेतरा पुलिस को सूचना दी गई है और वहां आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
विवेचना के दौरान आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही से चोरी की घटनाओं में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई सब्बलनुमा लोहे की रॉड, एक मोटरसाइकिल, छह मोबाइल फोन और चोरी से संबंधित सिगरेट व राजश्री के पैकेट समेत अन्य सामग्री बरामद की गई है। बरामदगी के आधार पर पुलिस अब चोरी की घटनाओं से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच जारी है। विशेष रूप से चोरी के सामान की खरीद-बिक्री में संलिप्त लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी। पूरी कार्रवाई कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा संबंधित पुलिस अधिकारियों के दिशा-निर्देश में की गई। साइबर थाना कबीरधाम के सहायक उपनिरीक्षक आशीष सिंह, चंद्रकांत तिवारी, प्रधान आरक्षक ओमप्रकाश पटेल, चुम्मन साहू और आरक्षक संदीप सिंह, पूरन दाहिरे, इरफान खान तथा गज्जू राजपूत का भी कार्रवाई में महत्वपूर्ण योगदान रहा।