अशोका रतन में जल संकट को लेकर रहवासी पहुंचे महापौर के पास, वाटर मीटर और रैन वाटर हार्वेस्टिंग की सलाह
रायपुर के शंकरनगर स्थित अशोका रतन परिसर में जल संकट को लेकर रहवासियों ने महापौर मीनल चौबे से मुलाकात कर समस्या के समाधान की मांग की। महापौर ने निजी खर्च से नल कनेक्शन पर वाटर मीटर लगाने और रैन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित करने का सुझाव दिया। साथ ही अवैध नल कनेक्शनों की जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l शंकरनगर स्थित अशोका रतन रेसिडेंशियल को-ऑपरेटिव सोसायटी के रहवासियों ने परिसर में लगातार बनी जल समस्या को लेकर महापौर मीनल चौबे से मुलाकात की। रहवासियों ने महापौर को समस्या से अवगत कराते हुए परिसर में पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया।
नगर निगम मुख्यालय स्थित महात्मा गांधी सदन में महापौर कार्यालय में हुई मुलाकात के दौरान अशोका रतन सोसायटी के रहवासी श्याम नारंग, दीपक गुप्ता सहित अन्य लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं। रहवासियों के मुताबिक अशोका रतन परिसर में बड़ी संख्या में लोग निवास करते हैं और नगर निगम की पाइपलाइन से होने वाली जलापूर्ति आवश्यकता की तुलना में कम मात्रा में मिल रही है।
वाटर मीटर लगाने का सुझाव
महापौर मीनल चौबे ने रहवासियों की जल समस्या को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने सुझाव दिया कि सोसायटी के रहवासी अपने खर्च से नल कनेक्शनों पर वाटर मीटर लगवाएं। इससे पानी की वास्तविक खपत के आधार पर मीटर रीडिंग के अनुसार जल बिल निर्धारित किया जा सकेगा।
महापौर ने कहा कि वाटर मीटर से पानी की खपत पर निगरानी रखने में मदद मिलेगी और पेयजल की बचत को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने रहवासियों से जल संरक्षण में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
रैन वाटर हार्वेस्टिंग पर जोर
महापौर ने अशोका रतन परिसर में रैन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने का भी सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि वर्षा जल का संचयन कर भूजल स्तर को बेहतर करने की दिशा में काम किया जा सकता है। इससे भविष्य में परिसर की जल समस्या को कम करने में मदद मिल सकती है।
उन्होंने बताया कि नगर निगम रायपुर द्वारा डूंडा में नया वाटर फिल्टर प्लांट बनाने का कार्य शासन के निर्देशानुसार जल्द शुरू किया जाएगा। फिल्टर प्लांट के शुरू होने के बाद शहर में पर्याप्त पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।
अवैध नल कनेक्शनों पर कार्रवाई के निर्देश
जल समस्या के बीच नगर निगम ने अवैध नल कनेक्शनों की जांच को लेकर भी सख्ती के निर्देश दिए हैं। महापौर ने जोन-9 कमिश्नर को संबंधित वार्डों में नल कनेक्शनों का निरीक्षण और जांच कराने के निर्देश दिए। अवैध नल कनेक्शन मिलने पर उन्हें तत्काल विच्छेद करने और नियमानुसार करारोपण एवं नियमितीकरण की कार्रवाई करने को कहा गया।
मुलाकात के दौरान जल कार्य विभाग अध्यक्ष संतोष साहू, अपर आयुक्त पंकज के. शर्मा, नगर निवेशक आभाष मिश्रा, जोन-9 कमिश्नर राकेश शर्मा, कार्यपालन अभियंता शरद ध्रुव और उपअभियंता जल आशुतोष पाण्डेय भी मौजूद रहे।