रायपुर में बड़े बकायादारों पर निगम की कार्रवाई, 2 संस्थानों में सीलबंदी; एक ने मौके पर जमा किए 2.24 लाख

रायपुर नगर निगम जोन-1 के राजस्व विभाग ने बड़े बकायादारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो संस्थानों में सीलबंदी की। दोनों पर कुल 3.30 लाख रुपये से अधिक का बकाया था। वहीं एक अन्य बकायादार ने सीलबंदी कार्रवाई के दौरान मौके पर ही 2,24,654 रुपये का भुगतान कर दिया। निगम का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Aug 20, 2026 - 11:12
 0  3
रायपुर में बड़े बकायादारों पर निगम की कार्रवाई, 2 संस्थानों में सीलबंदी; एक ने मौके पर जमा किए 2.24 लाख

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l नगर निगम रायपुर ने बड़े बकायादारों के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है। नगर निगम जोन क्रमांक 1 के राजस्व विभाग ने बकाया राशि जमा नहीं करने वाले दो बड़े बकायादारों के संस्थानों में सीलबंदी की कार्रवाई की। वहीं कार्रवाई के दौरान एक अन्य बकायादार ने मौके पर ही 2,24,654 रुपये की बकाया राशि का तत्काल भुगतान कर दिया।

नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के आदेश और उपायुक्त राजस्व अंजलि शर्मा तथा जोन-1 जोन कमिश्नर अंशुल शर्मा सीनियर के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम ने यह कार्रवाई की।

2 बड़े बकायादारों पर सीलबंदी

नगर निगम के अनुसार जोन-1 क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 5 अंतर्गत भनपुरी में दो बड़े बकायादारों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनमें शरफुद्दीन पर 1,34,233 रुपये और दयाराम शर्मा पर 1,96,219 रुपये की बकाया राशि थी।

दोनों बकायादारों पर कुल 3,30,452 रुपये का निगम राजस्व बकाया था। बकाया राशि का भुगतान नहीं किए जाने पर नगर निगम की टीम ने संबंधित संस्थानों में नियमानुसार सीलबंदी की कार्रवाई की।

मौके पर जमा किए 2.24 लाख रुपये

इसी अभियान के दौरान एक अन्य बकायादार वल्ली ताई, मुर्राभट्ठी के खिलाफ भी सीलबंदी की कार्रवाई की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान बकायादार ने मौके पर ही नगर निगम जोन-1 राजस्व विभाग को 2,24,654 रुपये की पूरी बकाया राशि का भुगतान कर दिया। भुगतान के बाद संबंधित मामले में सीलबंदी की कार्रवाई से राहत मिली।

सभी 7 वार्डों में अभियान

नगर निगम जोन-1 के राजस्व विभाग की टीम ने जोन क्षेत्र के सभी सात वार्डों में बड़े बकायादारों के खिलाफ कार्रवाई के लिए अभियान चलाया। निगम ने स्पष्ट किया है कि बकाया राशि जमा नहीं करने वाले बड़े बकायादारों के खिलाफ आगे भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

सीलबंदी कार्रवाई के दौरान जोन-1 जोन कमिश्नर अंशुल शर्मा सीनियर के मार्गदर्शन में कार्यपालन अभियंता द्रोनी कुमार पैकरा, जोन सहायक राजस्व अधिकारी मनीष मरकाम, राजस्व निरीक्षक आशीष शर्मा, संतोष साहू और सहायक राजस्व निरीक्षक धनेश यादव सहित राजस्व विभाग की टीम मौजूद रही।

नगर निगम प्रशासन का कहना है कि बकाया राजस्व की वसूली को लेकर अभियान लगातार जारी रहेगा और बड़े बकायादारों से नियमानुसार राशि वसूलने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।