नक्शा प्रोजेक्ट का केंद्रीय सचिव ने किया निरीक्षण, सर्वे टीम बढ़ाने के दिए निर्देश
भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय के सचिव नरेंद्र भूषण ने धमतरी जिले में संचालित नक्शा प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया। उन्होंने डिजिटल भू-अभिलेख और रिकॉर्ड ऑफ राइट्स निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए समयबद्ध और त्रुटिरहित क्रियान्वयन के लिए सर्वे टीमों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए।
UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी l धमतरी जिले में संचालित महत्वाकांक्षी “नक्शा प्रोजेक्ट” के कार्यों का निरीक्षण करने गुरुवार को भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय अंतर्गत भूमि संसाधन विभाग के सचिव Narendra Bhushan धमतरी पहुंचे। उन्होंने नगर पालिक निगम धमतरी क्षेत्र के आकाशगंगा कॉलोनी और गोकुलपुर में चल रहे सर्वे कार्य, रिकॉर्ड ऑफ राइट्स (आरओआर) निर्माण और डिजिटल भू-अभिलेख तैयार करने की प्रक्रिया का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध और त्रुटिरहित कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान राज्य स्तर से संचालक भू-अभिलेख रायपुर Vinit Nandanwar और उनकी टीम भी मौजूद रही। अधिकारियों ने मौके पर एक मकान में चल रहे आरओआर निर्माण कार्य का प्रदर्शन कर केंद्रीय सचिव को नक्शा पोर्टल की कार्यप्रणाली से अवगत कराया। इस दौरान पोर्टल में उपलब्ध सुविधाएं, प्लॉट सत्यापन, प्रविष्टि प्रक्रिया और भूमि अभिलेखों के डिजिटलीकरण की जानकारी विस्तार से दी गई।
केंद्रीय सचिव ने सर्वे टीमों से एक प्रविष्टि में लगने वाले समय, वास्तविक कब्जे और रिकॉर्ड में दर्ज भूमि के अंतर के निराकरण, शासकीय भूमि संरक्षण तथा ग्राउंड ट्रूथिंग जैसी प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों के भू-अभिलेखों का सटीक डिजिटलीकरण भविष्य में नागरिक सुविधाओं को आसान बनाएगा और भूमि विवादों के त्वरित समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रोजेक्ट की गुणवत्ता और गति बनाए रखने के लिए सर्वेक्षण टीमों की संख्या बढ़ाई जाए।
कलेक्टर Abinash Mishra ने जिले में नक्शा प्रोजेक्ट की प्रगति और अब तक किए गए कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि जिले में आधुनिक तकनीक के माध्यम से सर्वे कार्य तेजी से किए जा रहे हैं, जिससे नागरिकों को भू-अधिकार संबंधी सेवाएं पारदर्शी और सरल तरीके से उपलब्ध हो सकें। वहीं नगर निगम आयुक्त एवं प्रोजेक्ट की नोडल अधिकारी Priya Goyal ने निगम क्षेत्र के वार्डों, भूखंडों और परियोजना से जुड़े कर्मचारियों की जानकारी साझा की।
निरीक्षण के दौरान डिजिटल डोर नंबरिंग (डीडीएन) सुविधा की भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इस सुविधा के माध्यम से भविष्य में ऑनलाइन टैक्स भुगतान, यूटिलिटी बिल भुगतान और अन्य नागरिक सेवाओं का डिजिटल प्रबंधन आसान हो सकेगा। इसे स्मार्ट और व्यवस्थित शहरी प्रशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
राजस्व निरीक्षक एवं स्टेट मास्टर ट्रेनर Deepchand Bharti ने नक्शा पोर्टल की तकनीकी कार्यप्रणाली और फील्ड में आने वाली चुनौतियों के समाधान की जानकारी दी। वहीं संचालक भू-अभिलेख Vinit Nandanwar ने बताया कि धमतरी, जगदलपुर और अंबिकापुर में नक्शा प्रोजेक्ट पायलट प्रोजेक्ट के रूप में संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि धमतरी निगम क्षेत्र में ग्राउंड ट्रूथिंग का कार्य लगभग पूरा हो चुका है और यहां सबसे अधिक अधिकार अभिलेखों के ड्राफ्ट तैयार किए गए हैं।