सूरजपुर डीआईजी-एसएसपी का औचक निरीक्षण, बार्डर सुरक्षा और पुलिसिंग में सुधार के कड़े निर्देश

डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने थाना-चौकी और छत्तीसगढ़–मध्यप्रदेश बार्डर नवाटोला का औचक निरीक्षण कर पुलिस रजिस्टर, चेकिंग रिकॉर्ड और सुरक्षा व्यवस्था की जांच की। खामियों को तुरंत दुरुस्त करने का निर्देश देते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों में तस्करी रोकने और सतर्कता बढ़ाने पर जोर दिया।

Nov 19, 2025 - 15:24
Nov 19, 2025 - 15:25
 0  15
सूरजपुर डीआईजी-एसएसपी का औचक निरीक्षण, बार्डर सुरक्षा और पुलिसिंग में सुधार के कड़े निर्देश

 UNITED NEWS OF ASIA. विष्णु कसेरा, सूरजपुर | जिले में पुलिसिंग और सीमावर्ती सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने सोमवार को थाना-चौकी और अंतर्राज्जीय सीमाओं का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सबसे पहले थाना चांदनी पहुंचकर थाना प्रभारी प्रदीप सिदार से क्षेत्र में अपराधियों की निगरानी, लगातार की जा रही चेकिंग की स्थिति और गुण्डा–बदमाशों से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

 उन्होंने चेकिंग के पंजीकृत ब्योरों का अवलोकन किया और पुलिस द्वारा की जा रही गतिविधियों की गंभीरता से जांच की। इसके बाद उन्होंने थाना के मुलाहिजा रजिस्टर, फैना रजिस्टर और ड्यूटी रजिस्टर की जांच की, जहां पर पाई गई खामियों को तुरंत दुरुस्त करने की कड़ी चेतावनी दी। डीआईजी ठाकुर इसके पश्चात चौकी मोहरसोप और छत्तीसगढ़–मध्यप्रदेश की सीमा पर स्थित अंतर्राज्जीय बार्डर नवाटोला पहुंचे। यहां उन्होंने सीमा की सुरक्षा व्यवस्था, वाहनों की चेकिंग, ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और जवानों की कार्यशैली का निरीक्षण किया। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्र में अवैध धान परिवहन एवं किसी भी प्रकार की अवैध वस्तु की तस्करी पर पूरी तरह अंकुश लगाने के स्पष्ट निर्देश दिए।

 साथ ही जवानों को हर परिस्थिति में चौकन्ना रहते हुए सघन जांच करने और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। शीत लहर को देखते हुए उन्होंने ड्यूटी के दौरान जवानों के स्वास्थ्य और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की हिदायत दी। डीआईजी ठाकुर के इस औचक निरीक्षण से पुलिस विभाग में नई सक्रियता और जिम्मेदारी का संदेश गया है, जिससे सीमावर्ती सुरक्षा और पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की अपेक्षा की जा रही है।