कबीरधाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध शराब परिवहन का फरार आरोपी धर्मेन्द्र उर्फ सोनू सारीवान गिरफ्तार

कबीरधाम पुलिस ने पंचायत चुनाव के दौरान अवैध शराब आपूर्ति में शामिल और लंबे समय से फरार आरोपी धर्मेन्द्र उर्फ सोनू सारीवान को गिरफ्तार किया। आरोपी मध्यप्रदेश से शराब लाकर छत्तीसगढ़ में ग्राहकों की तलाश करते पकड़ा गया।

Nov 19, 2025 - 15:33
Nov 19, 2025 - 15:37
 0  33
कबीरधाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध शराब परिवहन का फरार आरोपी धर्मेन्द्र उर्फ सोनू सारीवान गिरफ्तार

  UNITED NEWS OF ASIA. कबीरधाम | पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के एक महत्वपूर्ण मामले में बड़ी सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी धर्मेन्द्र उर्फ सोनू सारीवान को गिरफ्तार किया है, जो पंचायत चुनाव के दौरान मध्यप्रदेश से बड़ी मात्रा में शराब की आपूर्ति कराने में शामिल था। आरोपी पुनः मध्यप्रदेश निर्मित शराब को छत्तीसगढ़ में लाने के लिए ग्राहक तलाशते हुए पंडरिया-खाम्ही क्षेत्र में पकड़ा गया।

मामले के अनुसार 07-08 फरवरी 2025 की दरमियानी रात मध्यप्रदेश निर्मित देसी प्लेन मदिरा की 39 पेटियां (कुल 1950 पौवा, कीमत लगभग 1,95,000 रुपये) बोलेरो वाहन क्रमांक CG 10 P 6651 में भरकर कुकदुर थाना क्षेत्र के तेलियापानी धोबे घाट के पास छोड़ दी गई थीं। पुलिस कार्रवाई के दौरान वाहन और शराब जब्त कर ली गई थी जबकि आरोपी फरार हो गए थे। इस मामले में आरोपी चालक पियूष कुमार, चुनाव के लिए शराब मंगवाने वाले तुलसी कश्यप और वाहन स्वामी लोखन प्रसाद महोबिया को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था।

घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी धर्मेन्द्र सारीवान की तलाश पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल, पंकज पटेल तथा एसडीओपी भूपत सिंह के मार्गदर्शन में लगातार की जा रही थी। 18 नवंबर 2025 को सूचना मिली कि आरोपी पुनः शराब तस्करी के लिए ग्राहकों से संपर्क कर रहा है और पंडरिया-खाम्ही बाजार की ओर आ रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा।

पूछताछ में उसने पंचायत चुनाव के दौरान अवैध शराब परिवहन में शामिल होने की बात स्वीकार की। आरोपी को 18 नवंबर को गिरफ्तार कर 19 नवंबर 2025 को न्यायालय में पेश किया गया।

इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक संग्राम सिंह, प्रधान आरक्षक मनोज तिवारी, आरक्षक दुजराम सिन्द्राम, विनोद सिदार, राजू निषाद और संदीप पाण्डेय का सराहनीय योगदान रहा।