विजय बघेल ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान उन परिवारों के प्रति आभार व्यक्त करने का माध्यम है, जिनके जीवन में केंद्र सरकार की योजनाओं के जरिए सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि अनुशासन, समर्पण और सेवा भावना के साथ राष्ट्र निर्माण के कार्यों को आगे बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने छत्तीसगढ़ से प्रधानमंत्री मोदी के पुराने जुड़ाव का भी उल्लेख किया और कहा कि संगठन में रहते हुए उन्होंने बस्तर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया था।
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गरीब कल्याण से जुड़ी योजनाओं का व्यापक प्रभाव देखने को मिला है। उन्होंने सरकार की विभिन्न उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले एक दशक में बड़ी संख्या में लोग अत्यधिक गरीबी से बाहर आए हैं। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत करोड़ों लोगों को मुफ्त खाद्यान्न उपलब्ध कराने का भी उन्होंने उल्लेख किया। इसके अलावा देश की सुरक्षा और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बदलाव को लेकर भी उन्होंने सरकार की नीतियों को रेखांकित किया।
विजय बघेल ने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस की शाम 7 बजे छत्तीसगढ़ सहित देशभर में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपने घरों में एक दीप जलाने की अपील की। इसमें पंचायत प्रतिनिधियों, महिला स्व-सहायता समूहों, प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों और आम नागरिकों की भागीदारी प्रस्तावित है। बच्चों और युवाओं को जोड़ने के लिए ‘मेरे सपनों का भारत’ के तहत ड्राइंग, प्रदर्शनी और भाषण प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
अभियान के दौरान ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े बदलाव को नुक्कड़ नाटक और सांगीतिक प्रस्तुतियों के जरिए लोगों तक पहुंचाने की योजना है। महिलाओं और बच्चों के लिए ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण, स्वास्थ्य, मातृ-शिशु देखभाल और स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता जैसी गतिविधियां होंगी। वहीं 23 से 25 सितंबर तक ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता, स्वास्थ्य जांच, जल संरक्षण और जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा सहयोग जैसे सेवा कार्यों से नागरिकों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
विजय बघेल के मुताबिक, 29 सितंबर को ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम के तहत रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। ‘सेवा सेतु-सरकार आपके द्वार’ के जरिए ब्लॉक और तहसील स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे, जहां हितग्राही योजनाओं से जुड़े कार्यों और राजस्व प्रकरणों के निराकरण की पहल की जाएगी। जल संरक्षण को भी अभियान में प्रमुख स्थान दिया गया है। इसके तहत जल स्रोतों की सफाई, जल चौपाल, जल संचय और नदी-घाट स्वच्छता जैसी गतिविधियां प्रस्तावित हैं।
उन्होंने बताया कि 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ निकाली जाएगी और युवाओं तथा नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ आयोजित किया जाएगा। 17 अक्टूबर को ‘सुशासन सेवा संवाद’ के साथ अभियान का समापन प्रस्तावित है। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों द्वारा बूथ स्तर तक लाभार्थियों से संपर्क कर योजनाओं से हुए बदलाव के अनुभव जानने की योजना है। पत्रकार वार्ता में जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, ललित चंद्राकर, दिलीप साहू, विनोद अरोरा और राजा महोबिया सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।