सुकमा के ग्राम पंचायत रामाराम में आयोजित हुई ‘संध्या आवास चौपाल’, जिला सीईओ मुकुन्द ठाकुर ने हितग्राहियों से किया सीधा संवाद
सुकमा जिले के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत रामाराम में आयोजित ‘संध्या आवास चौपाल’ में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकुन्द ठाकुर ने ग्रामीणों और आवास हितग्राहियों से सीधा संवाद कर योजनाओं की जमीनी प्रगति की समीक्षा की तथा समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
UNITED NEWS OF ASIA. रीजेंट गिरी, सुकमा। कलेक्टर अमित कुमार के मार्गदर्शन में जिला पंचायत सुकमा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकुन्द ठाकुर द्वारा जनपद पंचायत सुकमा अंतर्गत ग्राम पंचायत रामाराम में गुरुवार को ‘संध्या आवास चौपाल’ का आयोजन किया गया। इस चौपाल का मुख्य उद्देश्य शासन की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति को जानना और ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान सीईओ ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के हितग्राहियों से सीधा संवाद करते हुए निर्माणाधीन आवासों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने हितग्राहियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी आवासों का निर्माण तय गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए। चौपाल के बाद उन्होंने आवासों का स्थल निरीक्षण भी किया और कार्य की प्रगति की मौके पर जानकारी ली।
चौपाल में बिहान योजना के अंतर्गत महिला स्व-सहायता समूहों की भूमिका पर विशेष चर्चा की गई। सीईओ ने ग्रामीण महिलाओं को समूहों से जुड़कर आजीविका गतिविधियों के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी से न केवल परिवार की आय बढ़ेगी, बल्कि गांव का समग्र विकास भी सुनिश्चित होगा।
स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय निर्माण और उपयोग की स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिन परिवारों के शौचालय अब तक अधूरे हैं, उन्हें शीघ्र पूर्ण कराने तथा सभी हितग्राहियों को शौचालय उपयोग के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही मनरेगा के अंतर्गत चल रहे कार्यों और मजदूरी भुगतान की स्थिति पर चर्चा करते हुए लंबित भुगतान में तेजी लाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
सीईओ मुकुन्द ठाकुर ने ग्रामीणों से कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा, जब सभी हितग्राही समय पर निर्माण और कार्य पूर्ण कराएं तथा पंचायत स्तर पर पारदर्शिता बनाए रखी जाए। उन्होंने ग्रामीणों से यह भी अपील की कि यदि किसी योजना में किसी प्रकार की समस्या आती है तो वे सीधे पंचायत या जनपद स्तर पर जानकारी दें, ताकि उसका त्वरित समाधान किया जा सके।
इस अवसर पर जनपद पंचायत सुकमा की सीईओ निधि प्रधान, जिला समन्वयक पीएमएवाई राकेश निराला, ग्राम पंचायत सचिव, रोजगार सहायक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं आवास हितग्राही शामिल हुए और अपनी समस्याओं एवं सुझावों से प्रशासन को अवगत कराया।