परासिया में सिद्धिविनायक मंदिर से निकली भव्य शोभायात्रा, नगर भ्रमण में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

परासिया के श्री सिद्धिविनायक गणेश मंदिर में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत पूज्य प्रतिमाओं की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इस दौरान सांसद विवेक बंटी साहू ने मंदिर पहुंचकर दर्शन किए और आयोजन में भाग लिया।

Jun 25, 2026 - 14:08
 0  3
परासिया में सिद्धिविनायक मंदिर से निकली भव्य शोभायात्रा, नगर भ्रमण में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

UNITED NEWS OF ASIA. वीरेंद्र यादव, छिंदवाड़ा l परासिया स्थित श्री सिद्धिविनायक गणेश मंदिर में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अंतर्गत मंगलवार को पूज्य प्रतिमाओं की भव्य शोभायात्रा एवं नगर भ्रमण का आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था और उत्साह से सराबोर इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। नगर के प्रमुख मार्गों से निकली शोभायात्रा का विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा, आतिशबाजी और स्वागत सत्कार के साथ अभिनंदन किया गया।

श्री सिद्धिविनायक गणेश मंदिर में 21 जून से 25 जून तक प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में मंदिर समिति द्वारा पूज्य प्रतिमाओं के नगर भ्रमण की व्यापक तैयारियां की गईं। मंगलवार शाम करीब पांच बजे मंदिर परिसर से शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ, जिसमें सनातन समाज की मातृशक्ति, पुरुष, युवा और बड़ी संख्या में बच्चे शामिल हुए।

शोभायात्रा में भगवान गणेश की प्रतिमा, भगवान भोलेनाथ के परिवार की झांकी, विशाल शिवलिंग तथा भगवान हनुमान की प्रतिमा विशेष आकर्षण का केंद्र रही। ढोल-नगाड़ों, डीजे और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन पर श्रद्धालु भक्ति में सराबोर होकर जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। पूरे मार्ग में श्रद्धालु "जय श्री राम", "हर-हर महादेव", "गणपति बप्पा मोरया" और "हनुमान जी की जय" जैसे धार्मिक उद्घोष करते हुए दिखाई दिए।

इस अवसर पर छिंदवाड़ा संसदीय क्षेत्र के सांसद विवेक बंटी साहू भी मंदिर पहुंचे। मंदिर समिति के कार्यकर्ताओं ने उनका पुष्पमालाओं से स्वागत किया। सांसद ने यज्ञशाला में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और मंदिर में दर्शन कर उपस्थित श्रद्धालुओं से मुलाकात की। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण पर बल दिया।

शोभायात्रा श्री सिद्धिविनायक मंदिर से प्रारंभ होकर फॉरेस्ट ऑफिस, तहसील, अंबेडकर चौक, गुरु गोविंद सिंह चौक, गुरुद्वारा, बाबू लाइन और रेस्क्यू कॉलोनी सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई पुनः अपने निर्धारित स्थान पर पहुंची। यात्रा मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए जलपान और पेयजल की भी व्यवस्था की गई।

पूरे नगर में शोभायात्रा के दौरान उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने भगवा ध्वज लहराते हुए धार्मिक आस्था का प्रदर्शन किया और सनातन संस्कृति के संरक्षण का संदेश दिया। मंदिर समिति के सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।

धार्मिक आयोजन में शामिल श्रद्धालुओं ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं। प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अंतर्गत आगामी दिनों में भी विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान और पूजन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।