फर्जी बैंक खाता खोलकर अवैध लेन-देन करने वाला 4 साल से फरार बैंक कर्मचारी गिरफ्तार
रायपुर पुलिस ने निजी दस्तावेजों का दुरुपयोग कर फर्जी खाता खोलकर विदेशों से अवैध लेन-देन कराने वाले इंडसइंड बैंक के कर्मचारी मनीष कदम को 4 वर्षों बाद गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध धोखाधड़ी और कूट रचना के तहत मामला दर्ज है।
UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर | निजी दस्तावेजों का दुरुपयोग कर फर्जी बैंक खाता खोलवाकर अवैध लेन-देन करने वाले 04 वर्षों से फरार बैंक कर्मचारी को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी इंडसइंड बैंक में कार्यरत था और सुनियोजित षड्यंत्र के तहत धोखाधड़ी को अंजाम दे रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अजय कुमार यदु ने थाना मौदहापारा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी ब्राम्हणपारा स्थित मां सम्लेश्वरी ऑफसेट प्रिंटर्स नामक फर्म है। वर्ष 2011 में उसके साले के परिचित मनीष राव कदम, जो उस समय कृष्णा कॉम्प्लेक्स स्थित इंडसइंड बैंक में कर्मचारी था, ने अधिक ब्याज और प्रमोशन का झांसा देकर फर्म के नाम पर चालू खाता खुलवाने की बात कही।
आरोपी ने प्रार्थी की दुकान पर ही विभिन्न दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए, निजी दस्तावेजों की छायाप्रति और फोटो ली तथा 10,000 रुपये नगद भी प्राप्त किए। इसके बाद आरोपी ने प्रार्थी को चेकबुक सौंप दी। प्रार्थी न तो कभी बैंक गया और न ही खाते का उपयोग किया।
दिनांक 13.12.2019 को प्रार्थी को प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा समन जारी होने पर मामले का खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि प्रार्थी को “कन्हैया सेल्स” नामक फर्जी फर्म का प्रोप्राइटर बनाकर, बैंक कर्मचारी मनीष कदम, तत्कालीन बैंक प्रबंधक और अन्य सहयोगियों ने मिलकर विदेशों से अवैध लेन-देन किया।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना मौदहापारा में अपराध क्रमांक 21/22, धारा 419, 420 भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद से आरोपी फरार चल रहा था।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट एवं थाना मौदहापारा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र के माध्यम से आरोपी की पतासाजी की गई। तकनीकी इनपुट मिलने के बाद आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण
मनीष राव कदम
पिता – घनश्याम राव कदम
उम्र – 45 वर्ष
निवासी – अविनाश कैपिटल होम्स, फेस-02, ब्लॉक-सी, मकान नं. 513
थाना – विधानसभा, रायपुर
आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही कर आगे की जांच जारी है।