ग्रीन आर्मी का महाराजबंध तालाब बचाने का संकल्प, पाँचवें दिन भी जारी रहा सफाई अभियान
रायपुर के ऐतिहासिक महाराजबंध तालाब को पुनर्जीवित करने के लिए ग्रीन आर्मी छत्तीसगढ़ का सफाई अभियान पाँचवें दिन भी जारी रहा। नगर निगम अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर कार्यों का निरीक्षण किया और अभियान की सराहना की। ग्रीन आर्मी ने नियमित मशीनरी और कर्मचारियों की मांग दोहराई।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर। ऐतिहासिक महाराजबंध तालाब को बचाने और उसकी खोई हुई स्वच्छता व सुंदरता लौटाने के उद्देश्य से ग्रीन आर्मी छत्तीसगढ़ द्वारा चलाया जा रहा सफाई अभियान पाँचवें दिन भी निरंतर जारी रहा। प्रदेश मीडिया प्रभारी एवं कार्यक्रम के डायरेक्टर शशिकांत यदु ने बताया कि आज सुबह 7:30 बजे से गीता नर्सरी क्षेत्र में ग्रीन आर्मी के सदस्य सफाई कार्य में जुटे रहे।
अभियान के दौरान तालाब के किनारों एवं जल क्षेत्र में जमा प्लास्टिक, पॉलीथिन, विसर्जन सामग्री और गाद को हटाकर क्षेत्र को व्यवस्थित रूप से साफ किया गया। लगातार चल रहे इस प्रयास से तालाब के स्वरूप में सकारात्मक बदलाव दिखाई देने लगा है।
ग्रीन आर्मी छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष अमिताभ दुबे ने कहा कि यह अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि महाराजबंध तालाब को उसकी मूल पहचान, स्वच्छता और गरिमा लौटाने का एक दृढ़ संकल्प है। वहीं प्रदेश मीडिया प्रभारी एवं प्रोग्राम डायरेक्टर शशिकांत यदु ने कहा कि महाराजबंध तालाब रायपुर की अमूल्य धरोहर है और इसका संरक्षण प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। यह मुहिम तब तक जारी रहेगी, जब तक तालाब पूरी तरह स्वच्छ और पुनर्जीवित नहीं हो जाता।
आज सफाई अभियान का निरीक्षण करने नगर निगम डिप्टी कमिश्नर पाण्डेय एवं जोन कमिश्नर हितेंद्र यादव स्वयं मौके पर पहुँचे। उन्होंने ग्रीन आर्मी के प्रयासों की सराहना की और निगम की ओर से सहयोग स्वरूप एक जेसीबी मशीन उपलब्ध कराई गई। हालांकि ग्रीन आर्मी ने बताया कि प्रतिदिन पर्याप्त मशीनरी और सफाई कर्मचारियों की उपलब्धता नहीं होने के कारण कार्य की गति प्रभावित हो रही है। यदि नियमित संसाधन मिलें तो सफाई अभियान और अधिक प्रभावी रूप से आगे बढ़ सकता है।
इस अभियान में स्थानीय नागरिकों, युवाओं, सामाजिक संगठनों के साथ-साथ महिला शक्ति की भागीदारी भी लगातार बढ़ रही है, जिससे यह मुहिम और अधिक प्रेरणादायक बनती जा रही है।
आज दोपहर 4 बजे, ग्रीन आर्मी की टीम ने नगर निगम जोन-6 कार्यालय, भांटा गांव (न्यू बस स्टैंड) में पुनः ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से महाराजबंध तालाब की नियमित सफाई, पर्याप्त मशीनरी और सफाई कर्मचारियों की स्थायी व्यवस्था की मांग की गई। ग्रीन आर्मी ने आग्रह किया कि तालाब के पूर्ण रूप से स्वच्छ होने तक प्रतिदिन एक जेसीबी मशीन एवं पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मी उपलब्ध कराए जाएँ।
ग्रीन आर्मी छत्तीसगढ़ ने शहर के नागरिकों, युवाओं, महिलाओं और सामाजिक संस्थाओं से अपील की है कि वे इस अभियान से जुड़कर तालाब संरक्षण और स्वच्छ पर्यावरण निर्माण में अपनी सहभागिता निभाएँ।