महाविद्यालय में राष्ट्रीय प्रेस दिवस हर्षोल्लास से संपन्न, पत्रकारिता की स्वतंत्रता और जिम्मेदारी पर हुआ मंथन

भानुप्रतापपुर के शासकीय महर्षि वाल्मीकि पीजी कॉलेज में राष्ट्रीय प्रेस दिवस गरिमा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में पत्रकारिता की स्वतंत्रता, नैतिकता, सुरक्षा और जिम्मेदारी पर प्रमुख अतिथियों ने महत्वपूर्ण विचार रखे। विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को यादगार बनाया।

Nov 21, 2025 - 18:15
 0  21
महाविद्यालय में राष्ट्रीय प्रेस दिवस हर्षोल्लास से संपन्न, पत्रकारिता की स्वतंत्रता और जिम्मेदारी पर हुआ मंथन

 UNITED NEWS OF ASIA. श्रीदाम ढाली,कांकेर | भानुप्रतापपुर। शासकीय महर्षि वाल्मीकि स्नातकोत्तर महाविद्यालय में गुरुवार को राष्ट्रीय प्रेस दिवस बड़े हर्षोल्लास और गरिमामय माहौल में मनाया गया। यह दिवस न केवल लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की स्वतंत्रता का उत्सव बना, बल्कि पत्रकारिता की नैतिकता, जिम्मेदारी और चुनौतियों पर मंथन का महत्वपूर्ण मंच भी साबित हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीमाल, विशिष्ट अतिथि डीएफओ ऋषभ जैन, जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष रत्नेश सिंह, प्रेस क्लब अध्यक्ष सुमंत सिन्हा और प्राचार्य डॉ. रश्मि सिंह द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन से किया गया।

मुख्य अतिथि आकाश श्रीमाल ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकारिता समाज का चौथा स्तंभ है और पुलिस व मीडिया दोनों का कार्य समाज को सही सूचना देना है। उन्होंने कहा कि विशेषकर बस्तर जैसे संवेदनशील क्षेत्र में पत्रकारिता चुनौतीपूर्ण है। नक्सल क्षेत्र की खबरों को जनता तक पहुँचाना साहस और निष्पक्षता की मांग करता है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे सत्य, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ पत्रकारिता करें तथा फेक न्यूज से बचें।

विशिष्ट अतिथि डीएफओ ऋषभ जैन ने पत्रकारों की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि समाज की जिम्मेदारी है कि पत्रकार सुरक्षित रहें, ताकि वे जनता को सही दिशा दिखा सकें। उन्होंने कहा कि जागरूक मीडिया ही लोकतंत्र और विकास दोनों की गति को सुदृढ़ करता है।

प्राचार्य डॉ. रश्मि सिंह ने बताया कि महाविद्यालय बस्तर संभाग का एकमात्र संस्थान है जहाँ पत्रकारिता की पढ़ाई होती है और वर्तमान में विभाग में विद्यार्थियों की संख्या बढ़कर 100 हो चुकी है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान व उत्साह दोनों प्राप्त होते हैं।

जनभागीदारी समिति अध्यक्ष रत्नेश सिंह ने कहा कि पत्रकारिता में नैतिकता, निडरता और जवाबदेही सर्वोपरि है। वहीं प्रेस क्लब अध्यक्ष सुमंत सिन्हा ने वर्तमान समय में पत्रकारों के सामने बढ़ती चुनौतियों, हमलों और फेक न्यूज के खतरे पर अपनी बात रखी। वरिष्ठ पत्रकार राजकुमार दुबे और विभागाध्यक्ष श्रीदाम ढाली ने भी महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया।

पत्रकारिता शिखर सम्मान प्रदान

पत्रकारिता में स्नातक पूरा करने वाले सामंत साहू, पारस कड़ियाम, भूमिका दर्रो और डिकेश्वर को पत्रकारिता शिखर सम्मान से सम्मानित किया गया। साथ ही तीन विद्यार्थियों को राष्ट्रीय सेवा योजना में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए एनएसएस बी सर्टिफिकेट प्रदान किए गए।

सांस्कृतिक कार्यक्रम बने आकर्षण का केंद्र

कार्यक्रम के दूसरे चरण में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों, लोक नृत्यों और रंगारंग प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस अवसर पर जनभागीदारी समिति सदस्य राजीव श्रीवास, गिरधारी नरेटी, वरिष्ठ प्राध्यापक कमल किशोर प्रधान, डॉ. नसीम अहमद मंसूरी, रितेश कुमार नाग, सुषमा चालकी, चेतन श्रीवास, स्नेहा रितेश नाग, योगेश यादव, मुकेश डहरवाल सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी, पत्रकार और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पत्रकारिता विभाग के विद्यार्थी खिलेश्वर नेताम और आभार प्रदर्शन जश्मिन उसारे ने किया।