बंजारा समाज के धर्मगुरु संत सेवालाल महाराज की मूर्ति का अपमान, कोण्डागांव में आक्रोश—एसपी व एसडीएम से की गई शिकायत

कोंडागांव में सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान संत सेवालाल महाराज की मूर्ति का अपमान किए जाने पर बंजारा समाज में गहरा आक्रोश है। समाज के प्रतिनिधियों ने एसपी और एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।

Nov 21, 2025 - 18:24
 0  13
बंजारा समाज के धर्मगुरु संत सेवालाल महाराज की मूर्ति का अपमान, कोण्डागांव में आक्रोश—एसपी व एसडीएम से की गई शिकायत

UNITED NEWS OF ASIA.  रामकुमार भारद्वाज, कोंडागांव | कोंडागांव में बंजारा समाज के धर्मगुरु संत सेवालाल महाराज की स्थापित मूर्ति के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान हुए असम्मानजनक व्यवहार ने पूरे समाज में गहरा आक्रोश फैला दिया है। इस गंभीर घटना के विरोध में शुक्रवार को अखिल भारतीय बंजारा सेवा संघ के प्रतिनिधियों ने पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा, एसडीएम अजय उराव तथा कोण्डागांव कोतवाली में पहुँचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

समाज के लोगों ने बताया कि बुधवार की रात को कोंडागांव के “जय माता दी मोबाइल” दुकान संचालक द्वारा सेवालाल चौक में एक रात्रिकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम के दौरान कुछ व्यक्तियों ने समाज के धर्मगुरु संत सेवालाल महाराज की मूर्ति पर चढ़कर अनुचित हरकतें कीं, जो मूर्ति का अपमान करने जैसा प्रतीत होता है। इस कृत्य ने बंजारा समाज की धार्मिक आस्था, मर्यादा और सम्मान को गहरी ठेस पहुँचाई है।

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय नागरिकों ने घटना के वीडियो और फोटो देखे, जिसके बाद समाज में गहरा रोष फैल गया। समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि यह कृत्य सामाजिक सद्भाव को कमजोर करता है और क्षेत्र की कानून व्यवस्था को प्रभावित करने की क्षमता रखता है।

समाज की प्रमुख मांगें:

  • घटना में शामिल सभी व्यक्तियों की पहचान कर गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज हो।

  • कार्यक्रम आयोजकों से पूछताछ कर धार्मिक भावना आहत करने पर दंडात्मक कार्रवाई हो।

  • भविष्य में ऐसे कार्यक्रमों की अनुमति और निगरानी प्रणाली को सख्त किया जाए।

  • मामले में शीघ्र कार्रवाई कर सामाजिक सद्भाव बनाए रखा जाए।

इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ बंजारा समाज पुरुषोत्तम नायक ने कहा कि समाज ऐसी घटनाओं को कभी सहन नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि यह मामला सिर्फ आस्था का नहीं, बल्कि समाज की अस्मिता का प्रश्न है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिलाध्यक्ष सुखिया राम चौहान, सचिव भुनेश्वर राठौर, जिला पंचायत सदस्य नंदलाल राठौर, हीरासिंह राठौर, चरण भारद्वाज, आनंद पवार, मोतीलाल राठौर, पुरन लाल राठौर, घसूराम सीलोद, पांचीया राम चौहान, दयालु भारद्वाज, उत्तम राठौर, निरंजन राठौर, पंपेश्वर राठौर सहित भारी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।

बंजारा समाज ने स्पष्ट किया कि उनका संगठन शांति, न्याय और सामाजिक एकता में विश्वास रखता है, और उम्मीद है कि प्रशासन इस पूरे प्रकरण पर गंभीरता से कार्रवाई करेगा।