तिरंगा यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने कलेक्टर और एसपी ने किया मार्ग एवं कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 12 अगस्त को नारायणपुर से कन्हारगांव तक ‘तिरंगा हमारा, गौरव हमारा’ थीम पर बाइक रैली निकाली जाएगी। तैयारियों को लेकर कलेक्टर नम्रता जैन और एसपी संदीप कुमार पटेल ने यात्रा मार्ग एवं कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और मूलभूत व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

Aug 12, 2026 - 10:46
 0  9
तिरंगा यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने कलेक्टर और एसपी ने किया मार्ग एवं कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण

UNITED NEWS OF ASIA. संतोष मजुमदार, नारायणपुर l स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से नारायणपुर जिले में 12 अगस्त को ‘तिरंगा हमारा, गौरव हमारा’ थीम पर भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। तिरंगा यात्रा नारायणपुर से कन्हारगांव तक बाइक रैली के रूप में निकाली जाएगी। आयोजन की तैयारियों को लेकर कलेक्टर नम्रता जैन और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल ने निर्धारित यात्रा मार्ग और कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

तिरंगा यात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप शामिल होंगे। यात्रा का उद्देश्य स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों के बलिदान को नमन करने के साथ युवाओं और आम नागरिकों में राष्ट्रभक्ति, देश के प्रति समर्पण, एकता, भाईचारे और सद्भावना की भावना को मजबूत करना है।

कलेक्टर नम्रता जैन और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल ने यात्रा के तहत निर्धारित ग्राम हलामी मुंझमेटा, झारा, धौड़ाई और कन्हारगांव सहित अन्य चयनित स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम स्थल, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, पेयजल, साफ-सफाई और पार्किंग सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

तिरंगा यात्रा के दौरान चयनित स्थानों पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। शहीदों की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए प्रत्येक चयनित स्थल पर संबंधित शहीद के नाम से एक-एक पौधा भी लगाया जाएगा। इस पहल के माध्यम से नई पीढ़ी को शहीदों के त्याग और बलिदान से परिचित कराने के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सभी नोडल अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का व्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा में शामिल होने वाले नागरिकों और युवाओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं। कार्यक्रम स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था रखने के निर्देश भी दिए गए।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल ने तिरंगा यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।

बाइक रैली के रूप में आयोजित होने वाली तिरंगा यात्रा को देखते हुए कलेक्टर और एसपी ने पूरे यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने आवश्यकतानुसार सड़क की मरम्मत और मार्ग को व्यवस्थित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। अधिकारियों ने यात्रा मार्ग में आने वाले संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों का भी जायजा लिया, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो, एसडीएम अभयजीत मंडावी, तहसीलदार छोटे डोंगर वेद प्रकाश साहू, जनपद सीईओ ओरछा अमित भाटिया, नारायणपुर गुरमीत सिंह सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।