सेवा अवधि व पेंशन संबंधी मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने सौंपा ज्ञापन
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने सेवा अवधि, पेंशन एवं पदोन्नति से जुड़ी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री सहित शिक्षा विभाग के अधिकारियों के नाम ज्ञापन सौंपा।
UNITED NEWS OF ASIA.जावेद खान, मोहला-मानपुर |अंबागढ़ चौकी जिले में सेवा अवधि, पेंशन एवं शिक्षक संवर्ग की विभिन्न मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी द्वारा जिलाध्यक्ष श्रीहरि के नेतृत्व में कलेक्टर एवं जिला शिक्षा अधिकारी के माध्यम से प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री, वित्त मंत्री, प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा, शिक्षा सचिव एवं लोक शिक्षण संचालनालय के संचालक के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में मुख्य रूप से माननीय उच्च न्यायालय बिलासपुर द्वारा पारित निर्णयों के आधार पर संविलियन पूर्व सेवा को पेंशन योग्य सेवा मान्य करने संबंधी आदेश जारी करने की मांग रखी गई। एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष श्री संजय शर्मा ने बताया कि उच्च न्यायालय द्वारा WPS 647/2021 दिनांक 23 जनवरी 2026 तथा रमेश चंद्रवंशी प्रकरण WPS 2255/2021 सहित अन्य याचिकाओं में पूर्व सेवा की गणना करते हुए संविलियन पूर्व सेवा को पेंशन योग्य सेवा मानने के निर्देश दिए गए हैं, जिसके अनुरूप शासन स्तर पर शीघ्र आदेश जारी किया जाना आवश्यक है।
एसोसिएशन ने यह भी मांग की कि केंद्र सरकार के समान 33 वर्ष के बजाय 20 वर्ष की अर्हकारी सेवा पर पूर्ण पुरानी पेंशन का प्रावधान किया जाए तथा न्यूनतम पुरानी पेंशन के लिए आवश्यक सेवा अवधि 10 वर्ष के स्थान पर 5 वर्ष निर्धारित की जाए। इसके साथ ही पदोन्नति से वंचित सहायक शिक्षक एवं शिक्षकों को एक बार शिथिलीकरण (वन टाइम रिलेक्सेशन) देते हुए पांच वर्ष में क्रमोन्नति का लाभ देने, टेट की अनिवार्यता समाप्त करने हेतु हस्तक्षेप याचिका दायर करने तथा विभागीय सीमित परीक्षा आयोजित कर शिक्षकों के हितों की रक्षा करने की मांग भी शामिल रही।
ज्ञापन में डीएड योग्यताधारी शिक्षकों के लिए छह माह का बीएड ब्रिज कोर्स प्रारंभ करने, मोबाइल वीएसके एप के स्थान पर बायोमेट्रिक मशीन से उपस्थिति दर्ज कराने तथा शिक्षक संवर्ग से जुड़ी अन्य व्यवहारिक समस्याओं के समाधान की भी मांग रखी गई।
स्थानीय समस्याओं को लेकर एसोसिएशन प्रतिनिधियों ने प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी धर्मेन्द्र सारस्वत से भी चर्चा की। इस दौरान प्राथमिक प्रधानपाठकों के काउंसलिंग संबंधी विषय पर बातचीत हुई, जिस पर प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा एक सप्ताह के भीतर प्राथमिक प्रधानपाठकों की काउंसलिंग प्रक्रिया पूर्ण कराने का आश्वासन दिया गया। साथ ही प्राथमिक एवं माध्यमिक प्रधानपाठकों के रिक्त पदों को सार्वजनिक करने पर भी सहमति जताई गई।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से जिलाध्यक्ष श्रीहरि, प्रांतीय संगठन मंत्री बाबूलाल लाडे, जिला सचिव रूपेंद्र नंदे, जिला संयोजक रमेश सोनी, जिला उपाध्यक्ष राममणि द्विवेदी, जिला संगठन मंत्री जीवन नेताम, प्रांतीय आईटी सेल प्रभारी केवल साहू, ब्लॉक अध्यक्ष निर्मला कसारे एवं विरेंद्रपाल लाडेश्वर सहित बड़ी संख्या में शिक्षक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।