जशपुर में 36वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का भव्य समापन, हाइवे पेट्रोलिंग वाहन को हरी झंडी
जशपुर पुलिस द्वारा 36वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के समापन अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों ने सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की अपील की और हाइवे पेट्रोलिंग वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
UNITED NEWS OF ASIA.योगेश यादव, जशपुर पुलिस द्वारा शुक्रवार, 31 जनवरी 2026 को 36वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का विधिवत समापन किया गया। इस अवसर पर एसडीओपी जशपुर कार्यालय परिसर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें आम नागरिकों, विद्यार्थियों एवं छात्राओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना तथा लोगों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार, डीएफओ जशपुर शशि कुमार, जिला परिवहन अधिकारी विजय निकुंज, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पटनवार, एसडीओपी जशपुर चंद्रशेखर परमा, डीएसपी अ.जा./क्राइम/साइबर भावेश समरथ, रक्षित निरीक्षक अमरजीत खुंटे, साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, थाना प्रभारी जशपुर निरीक्षक मोरध्वज देशमुख तथा यातायात प्रभारी उप निरीक्षक प्रदीप कुमार मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
इस दौरान उपस्थित नागरिकों एवं छात्राओं को हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, ओवरस्पीडिंग से बचने, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने की जानकारी दी गई। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि सुरक्षित यातायात से ही जीवन की रक्षा संभव है और सभी नागरिकों को स्वयं के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नियमों का पालन करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान जशपुर पुलिस द्वारा ‘सड़क सुरक्षा – जीवन रक्षा’ थीम पर निबंध, चित्रकला एवं स्लोगन प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार एवं डीएफओ शशि कुमार ने भी सड़क सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए आम नागरिकों से जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील की।
उल्लेखनीय है कि 1 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक चले राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जशपुर पुलिस द्वारा हाट-बाजारों, स्कूलों और कॉलेजों में नुक्कड़ नाटक, जागरूकता रैलियां, हेलमेट बाइक रैली तथा ऑटो रैली के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। एनसीसी कैडेट, स्काउट-गाइड और नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवकों ने भी चौक-चौराहों पर जाकर नागरिकों को सड़क सुरक्षा का संदेश दिया।
समापन अवसर पर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह तथा जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार ने हाइवे पर दुर्घटनाओं में त्वरित सहायता एवं अपराधों पर नियंत्रण के लिए हाइवे पेट्रोलिंग वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह पेट्रोलिंग टीम लोरो घाट से कुनकुरी तक 24 घंटे नियमित गश्त करेगी। जशपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी सड़क दुर्घटना की सूचना मोबाइल नंबर 9479193699 पर देकर सहयोग करें।