जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 8.04 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ आफरीन खातून गिरफ्तार
जशपुर जिले के थाना लोदाम क्षेत्र अंतर्गत साईंटांगरटोली की रहने वाली आफरीन खातून को प्रतिबंधित मादक पदार्थ ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया गया है। आरोपिया के कब्जे से 8.04 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(ए) के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया है।
UNITED NEWS OF ASIA.योगेश यादव, जशपुर। जशपुर पुलिस ने मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित नशीले पदार्थ ब्राउन शुगर के साथ एक महिला को गिरफ्तार किया है। दिनांक 31 जनवरी 2026 को थाना लोदाम क्षेत्र अंतर्गत साईंटांगरटोली, ईदगाहपारा निवासी आफरीन खातून पति तस्लीम खान उर्फ चक्कर, उम्र 27 वर्ष को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह को दिनांक 30 जनवरी 2026 को विश्वस्त मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि साईंटांगरटोली की आफरीन खातून अपने घर में अवैध रूप से ब्राउन शुगर रखकर उसका विक्रय करने की तैयारी कर रही है। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने तत्काल थाना प्रभारी लोदाम निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे को टीम गठित कर रेड कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा मौके पर दबिश दी गई। तलाशी के दौरान आरोपिया अपने घर में मौजूद मिली। महिला पुलिस कर्मियों एवं गवाहों की उपस्थिति में विधिवत तलाशी लेने पर घर की परछी में छिपाकर रखे गए प्लास्टिक पन्नी के पैकेट से छोटे-छोटे कुल 18 पुड़िया बरामद की गईं। जांच में उनमें कुल 8.04 ग्राम ब्राउन शुगर पाई गई, जिसकी अनुमानित कीमत 10 हजार 800 रुपये बताई गई है।
पुलिस द्वारा मौके पर ही ब्राउन शुगर एवं अन्य सामग्री जब्त कर आरोपिया को अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ के दौरान आफरीन खातून ने बताया कि उक्त मादक पदार्थ उसे उसके पति द्वारा बिक्री के लिए दिया गया था। बताया गया है कि उसका पति पहले से ही किसी अन्य प्रकरण में जेल में निरुद्ध है।
आरोपिया के विरुद्ध थाना लोदाम में अपराध क्रमांक के तहत धारा 21(ए) एनडीपीएस एक्ट का अपराध पंजीबद्ध किया गया है। विधिवत कार्रवाई पूर्ण करने के बाद आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे, सहायक उप निरीक्षक सहवीर भगत, प्रधान आरक्षक प्रदीप लकड़ा, आरक्षक राजेश गोप, महिला आरक्षक लक्ष्मी बाई एवं सुष्मिता भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस संबंध में डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने आम नागरिकों से अपील की है कि अपने आसपास हो रही नशीले पदार्थों से जुड़ी गतिविधियों एवं अन्य अनैतिक कार्यों की जानकारी सीधे पुलिस को दें। सूचना देने वाले का नाम पूर्ण रूप से गोपनीय रखा जाएगा।