धमतरी में होली पर्व को शांतिपूर्ण बनाने धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई — 39 उपद्रवियों पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही, गुंडा-निगरानी बदमाशों की परेड

होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में गुंडा एवं निगरानी बदमाशों तथा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सघन प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। शांति भंग की आशंका और प्राप्त शिकायतों के आधार पर 39 उपद्रवियों को बीएनएसएस की धाराओं के तहत न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेजा गया। साथ ही लगभग 35 गुंडा-निगरानी बदमाशों की पुलिस लाइन में परेड कर शांति बनाए रखने की शपथ दिलाई गई।

Mar 2, 2026 - 17:03
 0  17
धमतरी में होली पर्व को शांतिपूर्ण बनाने धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई — 39 उपद्रवियों पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही, गुंडा-निगरानी बदमाशों की परेड

UNITED NEWS OF ASIA .रिजवान मेमन, धमतरी | होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में गुंडा एवं निगरानी बदमाशों तथा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सघन प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। इस विशेष अभियान का उद्देश्य पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, हुड़दंग, मारपीट अथवा शांति भंग की घटनाओं को रोकना है।

पुलिस द्वारा प्राप्त शिकायतों, स्थानीय स्तर पर मिली सूचनाओं एवं संभावित शांति भंग की आशंका को ध्यान में रखते हुए कुल 39 उपद्रवियों के विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 170, 126 एवं 135(3) के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की गई। सभी आरोपियों को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

धमतरी पुलिस ने बताया कि संबंधित व्यक्तियों को पूर्व में कई बार समझाइश दी गई थी, किंतु उनके आचरण में सुधार नहीं होने और बार-बार शिकायतें प्राप्त होने के कारण सख्त कार्रवाई करना आवश्यक हो गया।

उल्लेखनीय है कि होली पर्व को दृष्टिगत रखते हुए जिले के लगभग 35 गुंडा एवं निगरानी बदमाशों को पुलिस लाइन में विधिवत परेड कराई गई। परेड के दौरान सभी को कानून का पालन करने, सार्वजनिक शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अवैधानिक गतिविधि से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई।

इसके साथ ही सभी बदमाशों से लिखित एवं मौखिक रूप से शपथ दिलाई गई कि वे भविष्य में किसी भी प्रकार की हुड़दंग, मारपीट, शराब सेवन कर उत्पात, जबरन रंग लगाना अथवा शांति भंग जैसी गतिविधियों में संलिप्त नहीं होंगे। पुलिस ने स्पष्ट किया कि शपथ के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध और भी कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

धमतरी पुलिस द्वारा यह भी सख्त चेतावनी दी गई है कि होली पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी, शराब पीकर उत्पात, जबरन रंग लगाना, सार्वजनिक स्थलों पर विवाद, मारपीट अथवा कानून व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस प्रशासन द्वारा सभी थाना क्षेत्रों में लगातार निगरानी, पेट्रोलिंग और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त बल की तैनाती की जा रही है, ताकि त्योहार के दौरान आम नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सकें।

इस संबंध में बाईट देते हुए सूरज सिंह परिहार, पुलिस अधीक्षक, धमतरी ने कहा कि होली पर्व शांति, सौहार्द और भाईचारे का त्योहार है। पुलिस का मुख्य उद्देश्य है कि जिले में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो और नागरिक सुरक्षित वातावरण में त्योहार मना सकें।

उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, हुड़दंग या कानून व्यवस्था से जुड़ी सूचना तुरंत पुलिस को दें और प्रशासन को सहयोग करें। पुलिस अधीक्षक ने यह भी स्पष्ट किया कि शांति भंग करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।