महतारी वंदन योजना की 29वीं किस्त जारी, 66 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में पहुंचे 626 करोड़ रुपये से अधिक

छत्तीसगढ़ सरकार ने महतारी वंदन योजना की 29वीं किस्त जारी करते हुए 66 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में 626 करोड़ रुपये से अधिक की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण को नई मजबूती दे रही है और अब तक 18,800 करोड़ रुपये से अधिक की राशि लाभार्थियों के खातों में भेजी जा चुकी है।

Jul 11, 2026 - 15:04
 0  2
महतारी वंदन योजना की 29वीं किस्त जारी, 66 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में पहुंचे 626 करोड़ रुपये से अधिक

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l छत्तीसगढ़ सरकार ने महतारी वंदन योजना के तहत 29वीं किस्त जारी करते हुए प्रदेश की 66 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से 626 करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी लाभार्थी महिलाओं को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह योजना प्रदेश में महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण की मजबूत आधारशिला बन चुकी है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से अब तक कुल 18,800 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे माताओं और बहनों के बैंक खातों में भेजी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि नियमित आर्थिक सहायता मिलने से महिलाएं न केवल परिवार की जरूरतों को पूरा कर रही हैं, बल्कि आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी लगातार आगे बढ़ रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग महिलाएं घर के दैनिक खर्च, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं, बचत और सुकन्या समृद्धि योजना जैसी योजनाओं में निवेश के लिए कर रही हैं। इससे परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ महिलाओं का आत्मविश्वास भी बढ़ा है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाना भी है। महतारी वंदन योजना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसने लाखों परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की महिलाएं इस योजना से मिली सहायता राशि का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग कर रही हैं। कई महिलाएं नियमित बचत कर रही हैं, जबकि अनेक परिवार इस राशि का उपयोग बच्चों की पढ़ाई, पोषण और अन्य आवश्यक घरेलू जरूरतों के लिए कर रहे हैं। इससे महिलाओं की निर्णय लेने की क्षमता और आर्थिक भागीदारी में भी वृद्धि हुई है।

राज्य सरकार का मानना है कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाकर परिवार और समाज दोनों को मजबूत किया जा सकता है। इसी सोच के साथ महतारी वंदन योजना का प्रभावी संचालन किया जा रहा है, ताकि प्रत्येक पात्र महिला को समय पर सहायता राशि मिलती रहे।

सरकार के अनुसार महतारी वंदन योजना महिलाओं के सम्मान, आत्मनिर्भरता और आर्थिक सुरक्षा को बढ़ावा देने वाली प्रमुख योजनाओं में शामिल है। योजना के माध्यम से प्रतिमाह मिलने वाली आर्थिक सहायता महिलाओं के जीवन स्तर में सुधार लाने के साथ-साथ बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, बचत और परिवार के समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इससे प्रदेश में महिला सशक्तिकरण के प्रयासों को लगातार नई मजबूती मिल रही है।