महतारी वंदन योजना की 29वीं किस्त जारी, 66 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में पहुंचे 626.25 करोड़ रुपये
छत्तीसगढ़ सरकार ने महतारी वंदन योजना की 29वीं किस्त जारी करते हुए 66 लाख से अधिक पात्र महिलाओं के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से 626.25 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए। योजना के तहत अब तक कुल 18,805.83 करोड़ रुपये सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजे जा चुके हैं।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l छत्तीसगढ़ सरकार ने महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए योजना की 29वीं किस्त जारी कर दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को मुख्यमंत्री निवास कार्यालय से आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश की 66 लाख से अधिक पात्र महिलाओं के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से 626.25 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े भी मौजूद रहीं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि महतारी वंदन योजना प्रदेश की महिलाओं के सम्मान, आत्मनिर्भरता और आर्थिक स्वावलंबन की नई पहचान बन चुकी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि 29वीं किस्त के साथ अब तक योजना के अंतर्गत कुल 18,805.83 करोड़ रुपये सीधे महिलाओं के बैंक खातों में भेजे जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए चलाए जा रहे प्रयासों को छत्तीसगढ़ सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ा रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के विभिन्न जिलों के दौरे के दौरान कई महिलाओं ने उन्हें बताया कि महतारी वंदन योजना से मिली राशि ने उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। कई महिलाओं ने इस राशि से छोटे व्यवसाय शुरू किए हैं, जबकि अनेक परिवारों ने बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और दैनिक जरूरतों को पूरा करने में इसका उपयोग किया है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महतारी वंदन योजना के साथ-साथ 'लखपति दीदी' जैसी योजनाओं के माध्यम से भी महिलाओं की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ई-केवाईसी की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर पात्र महिलाओं को समय पर योजना का लाभ सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से बस्तर संभाग में ई-केवाईसी कार्य को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए।
गौरतलब है कि महतारी वंदन योजना 1 मार्च 2024 से प्रदेश में लागू है। इस योजना के तहत 21 वर्ष या उससे अधिक आयु की पात्र विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में प्रदान की जाती है। योजना का उद्देश्य महिलाओं को नियमित आर्थिक संबल उपलब्ध कराना, परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना है।
सरकार का मानना है कि इस योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक सहायता मिलने के साथ-साथ परिवार के पोषण, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, कुपोषण और एनीमिया की रोकथाम तथा स्वरोजगार जैसी गतिविधियों को भी नई मजबूती मिल रही है। महतारी वंदन योजना को राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा की प्रमुख योजनाओं में शामिल कर लगातार प्रभावी ढंग से संचालित कर रही है।