कवर्धा में गुरुकुल पब्लिक स्कूल का संगीत उत्सव, नए सभागार का लोकार्पण
कवर्धा के गुरुकुल पब्लिक स्कूल में संगीत उत्सव के तहत अंतर्विद्यालयीन गायन प्रतियोगिता आयोजित हुई। इस अवसर पर नए सभागार का भी लोकार्पण किया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l शिक्षा, संस्कार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को लक्ष्य बनाकर कार्य करने वाले गुरुकुल पब्लिक स्कूल, कवर्धा में संगीत उत्सव की धूम देखने को मिली। विद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम के अंतर्गत अंतर्विद्यालयीन संगीत गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के प्राचार्य के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी एफ.आर. वर्मा मुख्य अतिथि तथा संदीप अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई।
प्राचार्य ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि संगीत आत्मा की भाषा है, जो मन को आनंद और शांति प्रदान करती है। उन्होंने बताया कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों के भीतर छिपी प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें मंच प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
प्रतियोगिता को दो वर्गों—कनिष्ठ और वरिष्ठ—में विभाजित किया गया था। इसमें गुरुकुल पब्लिक स्कूल के साथ-साथ पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय महाराजपुर, अभ्युदय स्कूल, अशोका पब्लिक स्कूल और दिल्ली पब्लिक स्कूल के प्रतिभागियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने राजस्थानी और सूफी भजनों की प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान निर्णायक मंडल और अतिथियों ने भी विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। विद्यालय प्रबंधन समिति के वरिष्ठ निदेशक महावीर जैन ने अपने संबोधन में कहा कि गुरुकुल हमेशा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रयासरत है और ऐसे आयोजन इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
प्रतियोगिता के परिणामों में कनिष्ठ वर्ग में दिल्ली पब्लिक स्कूल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अभ्युदय स्कूल द्वितीय और पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय तृतीय स्थान पर रहे। वहीं वरिष्ठ वर्ग में अभ्युदय स्कूल प्रथम, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय द्वितीय और गुरुकुल पब्लिक स्कूल तृतीय स्थान पर रहा।
इस अवसर पर विद्यालय में नवनिर्मित सर्वसुविधा संपन्न सभागार का भी लोकार्पण किया गया। प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि यह सभागार विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक उत्कृष्ट मंच प्रदान करेगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी विजेताओं को पुरस्कृत किया गया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की गई। यह आयोजन न केवल विद्यार्थियों के लिए एक यादगार अनुभव रहा, बल्कि शिक्षा और संस्कृति के समन्वय का भी सुंदर उदाहरण प्रस्तुत करता है।