खरोरा में VB-GRAM-G जिला सम्मेलन संपन्न, सांसद बृजमोहन अग्रवाल और विधायक अनुज शर्मा ने दिया रोजगार व आत्मनिर्भरता का संदेश

खरोरा में ‘विकसित भारत: गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन – ग्रामीण’ (VB-GRAM-G) के अंतर्गत जिला सम्मेलन एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल और विधायक अनुज शर्मा ने ग्रामीण युवाओं, महिलाओं और स्व-सहायता समूहों को स्वरोजगार व कौशल विकास से जोड़कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने का आह्वान किया।

Feb 1, 2026 - 11:01
 0  4
खरोरा में VB-GRAM-G जिला सम्मेलन संपन्न, सांसद बृजमोहन अग्रवाल और विधायक अनुज शर्मा ने दिया रोजगार व आत्मनिर्भरता का संदेश

UNITED NEWS OF ASIA.अमृतेश्वर सिंह, खरोरा। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार और आजीविका के अवसरों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खरोरा में ‘विकसित भारत: गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन – ग्रामीण’ (VB-GRAM-G) के अंतर्गत एक दिवसीय जिला सम्मेलन एवं कार्यशाला का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रायपुर सांसद  बृजमोहन अग्रवाल तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में धरसींवा विधायक अनुज शर्मा उपस्थित रहे।

इस सम्मेलन का प्रमुख उद्देश्य ग्रामीण युवाओं, महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना तथा उन्हें कौशल विकास के माध्यम से रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना रहा।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी का उद्देश्य हर हाथ को काम और हर ग्रामीण परिवार को आर्थिक सुरक्षा देना है। उन्होंने कहा कि VB-GRAM-G मिशन ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ के रूप में कार्य करेगा और गांवों में स्थायी रोजगार के अवसर सृजित करेगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सरकारी योजनाओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों का अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपने भविष्य को सशक्त बनाएं।

विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए गांवों का सशक्त होना अनिवार्य है। यह मिशन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि ग्रामीण भारत के आर्थिक परिवर्तन का संकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी का अर्थ है काम पूरा होने की गारंटी। मिशन ग्राम के माध्यम से लक्ष्य है कि हर हाथ को काम और हर घर को सम्मानजनक आजीविका मिले।

उन्होंने यह भी कहा कि रोजगार केवल नौकरी तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वरोजगार और उद्यमिता भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। ग्रामीण माताएं और बहनें स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आज आत्मनिर्भर बन रही हैं। खरोरा और आसपास के क्षेत्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल सही मंच, प्रशिक्षण और मार्गदर्शन की है।

विधायक ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि सरकार उनके कौशल विकास के लिए संसाधन उपलब्ध करा रही है, इसलिए वे योजनाओं का लाभ लेकर ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष श्याम नारंग, सुरेंद्र पाटनी, लखनलाल धीवर, नवीन अग्रवाल, चंद्रकांति वर्मा, सरोज चंद्रवंशी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, ग्रामीण प्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे। सम्मेलन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आजीविका को लेकर सकारात्मक वातावरण बना।