वेलेंटाइन डे नहीं, मातृ-पितृ पूजन दिवस मनाकर युवाओं ने दिया संस्कारों का संदेश

कवर्धा में भारतीय संस्कृति के अनुरूप वेलेंटाइन डे न मनाते हुए युवाओं द्वारा मातृ-पितृ पूजन दिवस मनाया गया। युवाओं ने शिव मंगल महिला समिति पहुंचकर बुजुर्गों का सम्मान किया, उनसे आशीर्वाद लिया और अपनापन जताया।

Feb 14, 2026 - 11:58
 0  16
वेलेंटाइन डे नहीं, मातृ-पितृ पूजन दिवस मनाकर युवाओं ने दिया संस्कारों का संदेश

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा | भारतीय संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शनिवार को कवर्धा में वेलेंटाइन डे न मनाकर मातृ-पितृ पूजन दिवस मनाया गया। नगर के युवाओं ने शिव मंगल महिला समिति पहुंचकर वहां रह रहे बुजुर्ग माता-पिता के साथ यह दिवस मनाया।

इस दौरान युवाओं ने बुजुर्ग माता-पिता की आरती की, तिलक लगाकर उनसे आशीर्वाद लिया और फल-मिठाई भेंट की। साथ ही बुजुर्गों की सेहत के बारे में जानकारी ली गई और उनसे आत्मीय संवाद किया गया। अपने परिवार से दूर रह रहे इन बुजुर्गों को युवाओं की इस पहल से अपनापन और सम्मान का भाव मिला, जिससे उनके चेहरे पर आत्मीय खुशी देखने को मिली।

कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं ने समाज को यह संदेश दिया कि पश्चिमी परंपराओं की जगह भारतीय संस्कृति के अनुरूप माता-पिता और बुजुर्गों का सम्मान करना ही सच्चा उत्सव है। इस अवसर पर वैभव श्रीवास्तव, आकाश नामदेव, आनंद पांडेय, हर्ष तिवारी, गुलशन सोनी, अंकुल नामदेव, अनुराग सोनी, जित्तू उपाध्याय, लक्की सहित अन्य युवा उपस्थित रहे।