कबीरधाम पुलिस ने 48 घंटे में अंधे कत्ल का किया खुलासा, शव कुएं में फेंकने वाले आरोपी गिरफ्तार
थाना लोहारा क्षेत्र के ग्राम पैलपार में खेत के कुएं में मिले युवक के शव के मामले में कबीरधाम पुलिस ने 48 घंटे के भीतर अंधे कत्ल का खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने 05 जनवरी 2026 को युवक की हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया था। घटनास्थल का रिक्रिएशन कर साक्ष्य भी जब्त किए गए।
UNITED NEWS OF ASIA. कबीरधाम। थाना लोहारा, जिला कबीरधाम अंतर्गत ग्राम पैलपार में 27 जनवरी 2026 को खेत के कुएं में युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। प्रथम दृष्टया मामला अंधे कत्ल का प्रतीत हो रहा था, लेकिन कबीरधाम पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर इस जघन्य हत्याकांड का सफल खुलासा कर दिया।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा डीएसपी आशीष शुक्ला के पर्यवेक्षण में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
27 जनवरी को सुमित जैन के खेत स्थित कुएं से निकाले गए शव की पहचान किशन उर्फ पाव वर्मा, उम्र 25 वर्ष, निवासी ढेकापुर के रूप में हुई। शव के साथ ईंट-कांक्रीट से बंधा भारी पत्थर मिलने से यह स्पष्ट हो गया था कि हत्या कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव कुएं में फेंका गया है। इस पर थाना लोहारा में अपराध क्रमांक 07/2026 धारा 103(1), 238(बी) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान मृतक के संपर्कों, गतिविधियों एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें आरोपियों ने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
आरोपियों ने बताया कि 05 जनवरी 2026 को थान खम्हरिया स्थित शराब भट्ठी के पास चखना दुकान के समीप किशन वर्मा को अकेला देखकर पहले हाथ-मुक्कों व लातों से मारपीट की गई। इसके बाद राम धुर्वे द्वारा चाकू से वार किया गया। घायल अवस्था में उसे मोटरसाइकिल से पैलपार मुक्तिधाम के पास ले जाया गया, जहां लकड़ी के बत्ते से दोबारा प्राणघातक हमला कर उसकी हत्या कर दी गई।
हत्या के बाद शव को घसीटते हुए सुमित जैन के खेत स्थित कुएं तक ले जाकर भारी पत्थर रस्सी से बांधकर कुएं में फेंक दिया गया। पुलिस द्वारा आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर पूरी घटना का रिक्रिएशन कराया गया। पूछताछ के आधार पर लकड़ी का बत्ता, चाकू, मोटरसाइकिल एवं रस्सी जब्त की गई है।
प्रकरण में गिरफ्तार आरोपी हैं—
प्रकाश धुर्वे (25 वर्ष),
उमेश उर्फ लक्की राजपूत (20 वर्ष),
खेमलाल उर्फ ईशु निषाद (20 वर्ष),
तीनों निवासी वार्ड क्रमांक 09, थान खम्हरिया, जिला बेमेतरा।
इस मामले में तीन अपचारी बालक भी संलिप्त पाए गए हैं, जिन्हें किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है।