मोतीलाल नगर में नगर निगम का विशेष सफाई अभियान, 35 सफाई कर्मियों ने संभाली स्वच्छता की जिम्मेदारी

रायपुर नगर निगम के जोन-7 ने शहीद मनमोहन बक्शी वार्ड क्रमांक 23 के मोतीलाल नगर में 35 सफाई कर्मियों के विशेष दल के साथ व्यापक सफाई अभियान चलाया। अभियान का निरीक्षण जोन कमिश्नर डॉ. तृप्ति पाणीग्रही ने किया। निगम ने प्रत्येक शनिवार एक वार्ड में विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्णय लिया है।

Aug 2, 2026 - 13:03
 0  4
मोतीलाल नगर में नगर निगम का विशेष सफाई अभियान, 35 सफाई कर्मियों ने संभाली स्वच्छता की जिम्मेदारी

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l राजधानी रायपुर में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नगर निगम के जोन-7 स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को शहीद मनमोहन बक्शी वार्ड क्रमांक 23 के मोतीलाल नगर क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया। अभियान के तहत 35 सफाई कर्मियों की विशेष टीम ने क्षेत्र की सघन सफाई कर स्वच्छ वातावरण बनाने का प्रयास किया।

नगर निगम के अनुसार, जोन-7 के प्रत्येक वार्ड से पांच-पांच सफाई कर्मियों को शामिल कर विशेष गैंग का गठन किया गया है। यह टीम हर शनिवार एक चयनित वार्ड में व्यापक सफाई अभियान संचालित करेगी। इस पहल का उद्देश्य नियमित सफाई व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना तथा शहर के सभी वार्डों में विशेष सफाई सुनिश्चित करना है।

शनिवार को आयोजित अभियान के दौरान नालियों की सफाई, सड़कों और सार्वजनिक स्थलों से कचरे का उठाव, झाड़ियों की सफाई तथा अन्य आवश्यक स्वच्छता कार्य किए गए। सफाई कर्मियों ने निर्धारित क्षेत्र में पूरी सक्रियता के साथ अभियान चलाकर स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने का प्रयास किया।

विशेष सफाई अभियान का निरीक्षण जोन-7 की जोन कमिश्नर डॉ. तृप्ति पाणीग्रही ने किया। निरीक्षण के दौरान जोन स्वास्थ्य अधिकारी आत्मानंद साहू तथा स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सफाई कार्यों की गुणवत्ता का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

नगर निगम का कहना है कि प्रत्येक शनिवार अलग-अलग वार्डों में इस तरह का विशेष अभियान चलाया जाएगा, ताकि सभी क्षेत्रों में नियमित सफाई के साथ अतिरिक्त स्वच्छता कार्य भी समय-समय पर किए जा सकें। इससे नागरिकों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने के साथ शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।

नगर निगम ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें, सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाएं तथा घरों का कचरा निर्धारित समय पर नगर निगम के कचरा संग्रहण वाहनों को ही सौंपें। निगम का मानना है कि जनसहभागिता और नियमित विशेष सफाई अभियानों के माध्यम से रायपुर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ राजधानी बनाने का लक्ष्य तेजी से हासिल किया जा सकता है।