रायपुर में स्वच्छता अभियान को मिल रहा जनसमर्थन, घर-घर हो रहा सूखा और गीला कचरा पृथक्करण

ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के तहत रायपुर नगर निगम का स्वच्छता जनजागरूकता अभियान प्रभावी साबित हो रहा है। शहर के विभिन्न वार्डों में नागरिक घरों से सूखा और गीला कचरा अलग-अलग डस्टबिन में रखकर सफाई मित्रों को सौंप रहे हैं। वार्ड 48 के पार्षद महेश कुमार ध्रुव भी स्वयं इस अभियान का पालन कर लोगों को जागरूक कर रहे हैं।

Aug 2, 2026 - 13:00
 0  2
रायपुर में स्वच्छता अभियान को मिल रहा जनसमर्थन, घर-घर हो रहा सूखा और गीला कचरा पृथक्करण

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के तहत रायपुर नगर पालिक निगम द्वारा चलाया जा रहा स्वच्छता जनजागरूकता अभियान अब सकारात्मक परिणाम देने लगा है। स्वास्थ्य विभाग और स्वच्छ भारत मिशन शाखा के संयुक्त प्रयासों से शहर के विभिन्न वार्डों में नागरिक घरों से सूखा और गीला कचरा अलग-अलग डस्टबिन में रखकर सफाई मित्रों को सौंप रहे हैं। इससे कचरा प्रबंधन व्यवस्था अधिक प्रभावी बन रही है और स्वच्छता अभियान को जनसहभागिता का व्यापक समर्थन मिल रहा है।

महापौर मीनल चौबे, स्वास्थ्य विभाग की अध्यक्ष गायत्री सुनील चंद्राकर तथा नगर निगम आयुक्त सबित मिश्रा के निर्देश पर निगम के सभी 10 जोनों और 70 वार्डों में लगातार स्वच्छता जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान में वार्ड पार्षदों, जोन आयुक्तों और स्वास्थ्य अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी से लोगों को घरों में ही कचरे का पृथक्करण करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

नगर निगम के जोन क्रमांक-3 अंतर्गत गुरु घासीदास वार्ड क्रमांक-48 के पार्षद महेश कुमार ध्रुव स्वयं प्रतिदिन अपने घर से सूखा और गीला कचरा अलग-अलग डस्टबिन में रखकर सफाई मित्रों को सौंप रहे हैं। इसके साथ ही वे वार्डवासियों को भी घरों में दो अलग-अलग डस्टबिन रखने, कचरे का पृथक्करण करने तथा खुले स्थानों पर कचरा नहीं फेंकने के लिए लगातार जागरूक कर रहे हैं।

नगर निगम के अनुसार शहर के विभिन्न वार्डों, मोहल्लों और बस्तियों में बड़ी संख्या में नागरिक अब नियमित रूप से कचरे का पृथक्करण कर डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों में सफाई मित्रों को सौंप रहे हैं। इससे ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली को मजबूती मिल रही है और स्वच्छ एवं सुंदर राजधानी के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हो रही है।

स्वास्थ्य विभाग एवं स्वच्छ भारत मिशन शाखा ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे घरों में सूखा और गीला कचरा अलग-अलग रखें तथा प्रतिदिन सफाई वाहन आने पर पृथक-पृथक डस्टबिन से कचरा सफाई मित्रों को दें। निगम का कहना है कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से ही रायपुर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल राजधानी बनाया जा सकता है। अभियान के प्रति बढ़ती जनजागरूकता और लोगों का सहयोग भविष्य में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाएगा।