भूनेश्वरपुर कन्या छात्रावास की अव्यवस्थाओं के खिलाफ सड़क पर उतरीं आदिवासी छात्राएं, जांच और कार्रवाई की मांग

सूरजपुर जिले के भूनेश्वरपुर स्थित प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास की व्यवस्थाओं को लेकर आदिवासी छात्राओं ने रामानुजनगर-कालुवा स्टेट हाईवे पर प्रदर्शन किया। छात्राओं ने गुणवत्ताहीन भोजन, मूलभूत सुविधाओं की कमी, जर्जर भवन और सुरक्षा संबंधी समस्याओं के आरोप लगाए। छात्राओं ने निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की। जिला स्तरीय टीम के मौके पर पहुंचकर आश्वासन देने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

Aug 25, 2026 - 07:50
 0  2
भूनेश्वरपुर कन्या छात्रावास की अव्यवस्थाओं के खिलाफ सड़क पर उतरीं आदिवासी छात्राएं, जांच और कार्रवाई की मांग

UNITED NEWS OF ASIA. जमील अंसारी, कोरिया l विकासखंड रामानुजनगर के ग्राम भूनेश्वरपुर स्थित प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास की व्यवस्थाओं को लेकर आदिवासी छात्राओं ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। छात्राओं ने छात्रावास में गुणवत्ताहीन भोजन, मूलभूत सुविधाओं की कमी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर आरोप लगाए। छात्राएं रामानुजनगर-कालुवा स्टेट हाईवे के मुख्य मार्ग पर बैठकर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करती नजर आईं। इस दौरान कई छात्राएं अपनी समस्याएं बताते हुए भावुक हो गईं।

छात्राओं का आरोप है कि उन्हें लंबे समय से निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन और नाश्ता उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। उनके मुताबिक भोजन की गुणवत्ता भी संतोषजनक नहीं है। छात्राओं ने सड़े हुए चावल, खराब सब्जियां और पतली दाल परोसे जाने की शिकायत की। इसके साथ ही दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री जैसे साबुन, तेल और टूथपेस्ट पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं कराने का भी आरोप लगाया गया।

छात्राओं ने छात्रावास संचालन को लेकर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि अधीक्षिका नियमित रूप से छात्रावास में मौजूद नहीं रहतीं और उनके स्थान पर उनके 23 वर्षीय पुत्र द्वारा छात्रावास की व्यवस्थाओं में हस्तक्षेप किया जाता है। छात्राओं ने बालिका छात्रावास में बाहरी व्यक्ति की मौजूदगी और कथित हस्तक्षेप की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

प्रदर्शन के दौरान छात्राओं ने छात्रावास भवन और रसोईघर की जर्जर स्थिति का भी मुद्दा उठाया। उनका कहना है कि बारिश के दौरान छत से पानी टपकता है। गर्मी के बावजूद कई पंखे खराब हैं और छात्राओं को पर्याप्त सुविधाओं के अभाव में रहने और सोने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर भी छात्राओं ने तत्काल सुधार की मांग की।

प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर स्थानीय ग्रामीण और छात्र नेता भी मौके पर पहुंचे और छात्राओं की मांगों का समर्थन किया। जिला मीडिया प्रभारी अविनाश साहू, विक्की यादव, हुसैन अंसारी और सुमंत राजवाड़े सहित अन्य ग्रामीणों ने छात्राओं की समस्याओं को गंभीर बताते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।

छात्राओं और क्षेत्रवासियों ने अधीक्षिका के खिलाफ जांच, छात्रावास में बाहरी व्यक्ति के कथित हस्तक्षेप की जांच, राशन पंजी एवं स्टॉक रजिस्टर सहित संबंधित रिकॉर्ड के सत्यापन, निर्धारित मेन्यू के अनुसार पौष्टिक भोजन की व्यवस्था तथा बिस्तर और दैनिक उपयोग की सामग्री उपलब्ध कराने की मांग रखी। इसके अलावा जर्जर भवन, रसोईघर, खराब पंखों और पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग भी की गई।

प्रदर्शन के दौरान जिला स्तरीय टीम मौके पर पहुंची और छात्राओं की मांगों को लेकर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद छात्राओं ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया। कांग्रेस नेता अविनाश साहू ने कहा कि यदि शिकायतों की निष्पक्ष जांच नहीं की गई और समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो छात्राओं के साथ जिला कलेक्टर कार्यालय में धरना प्रदर्शन किया जाएगा। छात्राओं ने प्रशासन से छात्रावास की व्यवस्थाओं की निष्पक्ष जांच कर सुरक्षा, भोजन और मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने की मांग की है।