छोटेडोंगर में माढ़ीन नदी उफान पर, तेज बारिश से जनजीवन प्रभावित, कई गांवों का संपर्क टूटा

नारायणपुर जिले के छोटेडोंगर क्षेत्र में लगातार हो रही तेज बारिश से माढ़ीन नदी उफान पर आ गई। पुल के ऊपर से पानी बहने के कारण आवागमन बाधित हो गया, कई गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से कट गया और किसानों की फसलें जलमग्न होकर प्रभावित हुईं।

Jul 30, 2026 - 13:51
 0  4
छोटेडोंगर में माढ़ीन नदी उफान पर, तेज बारिश से जनजीवन प्रभावित, कई गांवों का संपर्क टूटा

UNITED NEWS OF ASIA. संतोष मजुमदार, नारायणपुर l नारायणपुर जिले के छोटेडोंगर क्षेत्र में मंगलवार रात से लगातार हो रही तेज बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। 24 घंटे से अधिक समय तक हुई मूसलाधार वर्षा के कारण क्षेत्र की नदियां और नाले उफान पर हैं। सबसे अधिक प्रभाव माढ़ीन नदी पर देखने को मिला, जहां नदी का जलस्तर बढ़ने से पुल के लगभग चार फीट ऊपर से पानी बहने लगा। इससे नारायणपुर-ओरछा मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

भारी बारिश के चलते छोटेडोंगर सहित आसपास के कई गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क अस्थायी रूप से कट गया। पुल पर तेज बहाव होने के कारण लोग घंटों तक पानी कम होने का इंतजार करते रहे। सुरक्षा की दृष्टि से छोटेडोंगर पुलिस मौके पर तैनात रही और लोगों को पुल पार नहीं करने की लगातार समझाइश देती रही।

बारिश का सबसे अधिक असर किसानों पर पड़ा है। कई खेतों में पानी भर जाने से धान की फसल जलमग्न हो गई, जिससे किसानों को भारी नुकसान होने की आशंका है। क्षेत्र में पिछले करीब 15 दिनों से पर्याप्त बारिश नहीं होने के कारण किसान पहले से ही फसल को लेकर चिंतित थे। हालांकि बारिश से सिंचाई की समस्या दूर हुई, लेकिन अत्यधिक वर्षा ने कई किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया।

छोटेडोंगर के पद्मश्री वैद्यराज निवास पहुंच मार्ग स्थित कलिटिकरा पुल पर भी बाढ़ जैसी स्थिति बन गई। वहीं ओरछा मार्ग के धनोरा गांव के झरिया पुल पर पानी भर जाने से कई लोग बीच रास्ते में फंस गए। लगातार बारिश के कारण कई घरों में भी पानी घुस गया, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पूरे छोटेडोंगर क्षेत्र में सड़कें जलमग्न रहीं और अधिकांश लोग घरों में ही रहने को मजबूर हो गए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में बड़गांव स्थित माढ़ीन नदी हर वर्ष बड़ी समस्या बन जाती है। नदी का जलस्तर बढ़ते ही पुल डूब जाता है और छोटेडोंगर सहित कई गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से टूट जाता है। इससे मरीजों, विद्यार्थियों, यात्रियों और आम नागरिकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से माढ़ीन नदी पर ऊंचे और स्थायी पुल के निर्माण की मांग दोहराई है। उनका कहना है कि वर्षों से मांग किए जाने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी पहल नहीं हुई है। स्थानीय लोगों का मानना है कि स्थायी पुल बनने से बरसात के दौरान आवागमन सुचारु रहेगा और क्षेत्र के हजारों लोगों को हर वर्ष आने वाली इस समस्या से राहत मिल सकेगी।