गुरु व्यक्तित्व निर्माण के साथ समाज के उत्थान में निभाते हैं महत्वपूर्ण भूमिका : लक्ष्मी राजवाड़े

सूरजपुर जिले के खैरा में आयोजित गुरु सम्मान समारोह एवं महिला जागृति शिविर में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने गुरु, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और माताओं की भूमिका को समाज निर्माण का आधार बताया। कार्यक्रम में 10 शिक्षकों, 10 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और महतारी वंदन योजना की राशि का बच्चों की शिक्षा में उपयोग करने वाली 10 माताओं को सम्मानित किया गया।

Jul 30, 2026 - 11:08
 0  3
गुरु व्यक्तित्व निर्माण के साथ समाज के उत्थान में निभाते हैं महत्वपूर्ण भूमिका : लक्ष्मी राजवाड़े

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर सूरजपुर जिले के चांदनी-बिहारपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत खैरा में गुरु सम्मान समारोह एवं महिला जागृति शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि गुरु केवल शिक्षा देने वाले शिक्षक नहीं होते, बल्कि वे विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण, संस्कारों के विकास और समाज के उत्थान में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव शिक्षकों के मार्गदर्शन और मूल्यों पर आधारित होती है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लक्ष्मी राजवाड़े ने सभी नागरिकों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पर्व हमें अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान, श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त करने की प्रेरणा देता है। गुरु के मार्गदर्शन से ही विद्यार्थी जीवन में सही दिशा प्राप्त करता है और समाज का जिम्मेदार नागरिक बनता है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का योगदान केवल कक्षा तक सीमित नहीं रहता, बल्कि वे आने वाली पीढ़ियों के भविष्य का निर्माण करते हैं।

मंत्री ने महतारी वंदन योजना को महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि योजना से मिलने वाली सहायता राशि का कई माताएं अपने बच्चों की शिक्षा और भविष्य को बेहतर बनाने में उपयोग कर रही हैं। उन्होंने इसे परिवार और समाज में सकारात्मक बदलाव का प्रतीक बताया तथा महिलाओं से बच्चों की शिक्षा और पोषण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की।

लक्ष्मी राजवाड़े ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि उनके समर्पण और मेहनत के कारण शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि कुपोषण नियंत्रण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण और बाल विकास जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों और महिलाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण को बेहतर बनाने में उनका योगदान सराहनीय है।

कार्यक्रम के दौरान ओड़गी क्षेत्र के 10 उत्कृष्ट शिक्षकों को शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान और विद्यार्थियों को सकारात्मक दिशा देने के लिए सम्मानित किया गया। इसके साथ ही 10 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा महतारी वंदन योजना की राशि का उपयोग अपने बच्चों की शिक्षा में करने वाली 10 माताओं को भी सम्मानित किया गया। सम्मानित प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए मंत्री ने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाले ऐसे लोगों का सम्मान दूसरों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनता है।

इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी शुभम बंसल ने महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में कुपोषित बच्चों को बाल संदर्भ सेवाओं से जोड़ने, आंगनबाड़ी केंद्रों के नियमित संचालन और मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी बनाने में विभाग लगातार कार्य कर रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और जागरूक माताओं के योगदान को सम्मानित करने के साथ समाज में शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।