धरसींवा में विधायक अनुज शर्मा की विभागीय समीक्षा बैठक, अधिकारियों को समयबद्ध कार्य और जवाबदेही के निर्देश
धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक लेकर विकास कार्यों और लंबित मामलों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध कार्य, गुणवत्तापूर्ण विकास और जनता की शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। बैठक के बाद जनदर्शन में लोगों की समस्याएं सुनीं तथा पात्र हितग्राहियों को मकानों के पट्टे वितरित किए।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l विधानसभा क्षेत्र धरसींवा में विकास कार्यों की प्रगति और प्रशासनिक व्यवस्था की समीक्षा के उद्देश्य से विधायक अनुज शर्मा ने जनपद पंचायत के सभा कक्ष में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने विभागवार चल रहे विकास कार्यों, लंबित प्रकरणों तथा जन शिकायतों के निराकरण की विस्तृत जानकारी प्राप्त की और अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक उनका लाभ पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कार्यालयों में अनावश्यक रूप से फाइलें लंबित न रखी जाएं और प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने लंबित मामलों पर विभागवार एक्शन टेकन रिपोर्ट भी मांगी।
विधायक ने लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, जनपद पंचायत, स्कूल शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि तथा ग्रामीण यांत्रिकी सेवा सहित अन्य विभागों के अधिकारियों से परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने विकास कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
मीडिया से चर्चा करते हुए अनुज शर्मा ने कहा कि समीक्षा बैठक का उद्देश्य केवल फाइलों की समीक्षा करना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य हो रहे हैं या नहीं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक फाइल के पीछे किसी नागरिक की समस्या और उम्मीद जुड़ी होती है, इसलिए अधिकारी कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि नियमित रूप से क्षेत्र का भ्रमण कर समस्याओं का समाधान करें।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता को छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचे और विकास कार्य धरातल पर स्पष्ट दिखाई दें। विधायक ने सकारात्मक संदेश देते हुए कहा कि अगली समीक्षा बैठक में समस्याओं के बजाय विभागों की सफलता की कहानियों पर चर्चा होनी चाहिए।
समीक्षा बैठक के बाद विधायक अनुज शर्मा सेवा सदन पहुंचे, जहां आयोजित जनदर्शन में बड़ी संख्या में नागरिकों ने अपनी समस्याएं और मांगें उनके समक्ष रखीं। विधायक ने कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
जनदर्शन के दौरान विधायक ने शासन की योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को मकानों के पट्टे भी वितरित किए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गरीब और जरूरतमंद परिवार को आवास का अधिकार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। पट्टा मिलने से हितग्राहियों को अपने आवास का कानूनी अधिकार प्राप्त होगा और वे अधिक सुरक्षित एवं सम्मानजनक जीवन जी सकेंगे।
बैठक एवं जनदर्शन कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष संदीप यदु, जनपद अध्यक्ष शकुंतला ढीलेंद्र सेन, उपाध्यक्ष दिनेश खूटे, सुनील शर्मा, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आशीष केशरवानी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।