ट्रैफिक चालान से नाराज़ धुमाल वाले, गृह मंत्री निवास घेराव की घोषणा
ट्रैफिक चालानों से परेशान धुमाल वाद्यों से जुड़े लोग गृह मंत्री निवास का घेराव करने निकले, पुलिस ने रास्ते में रोकने की तैयारी की।
UNITED NEWS OF ASIA.हसिब अख्तर, रायपुर | शहर में ट्रैफिक चालानों को लेकर असंतोष अब सड़कों से निकलकर विरोध प्रदर्शन का रूप लेता नजर आ रहा है। ट्रैफिक पुलिस की सख्त कार्रवाई और लगातार कट रहे चालानों से नाराज़ धुमाल बजाने वाले लोग आज गृह मंत्री निवास का घेराव करने के लिए निकल पड़े। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि रोज़मर्रा के कार्यक्रमों, शादियों और धार्मिक आयोजनों में धुमाल बजाकर अपने परिवार का पेट पालने वाले लोगों पर ट्रैफिक नियमों के नाम पर भारी-भरकम चालान थोपे जा रहे हैं, जिससे उनकी रोज़ी-रोटी पर सीधा असर पड़ रहा है। धुमाल वालों का आरोप है कि उनके वाद्य यंत्र और वाहन जब्त किए जा रहे हैं, वहीं बिना समझाइश के चालान काटे जा रहे हैं। इस कार्रवाई से वे आर्थिक रूप से टूट चुके हैं और मजबूर होकर उन्हें सड़क पर उतरना पड़ रहा है।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया। गृह मंत्री निवास की ओर जाने वाले मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। जगह-जगह बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोकने की तैयारी की गई है, ताकि कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित न हो। धुमाल वाले अपनी मांगों को लेकर एकजुट नजर आए और उन्होंने प्रशासन से स्पष्ट नीति बनाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि ट्रैफिक नियमों में उनके पेशे की परिस्थितियों को ध्यान में नहीं रखा गया, तो भविष्य में आंदोलन और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शनकारियों ने यह भी कहा कि वे नियमों के विरोधी नहीं हैं, लेकिन नियमों के नाम पर हो रही कथित ज्यादती को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि ट्रैफिक नियम सभी पर समान रूप से लागू हैं और किसी को अनावश्यक परेशान नहीं किया जा रहा। इस बीच, पूरे मामले पर गृह विभाग और ट्रैफिक विभाग की नजर बनी हुई है। आने वाले समय में इस विरोध का क्या नतीजा निकलता है, यह देखने वाली बात होगी, लेकिन फिलहाल शहर में धुमाल वालों के इस प्रदर्शन ने प्रशासन और सरकार दोनों की चुनौती जरूर बढ़ा दी है।