विधायक अनुज शर्मा ने धरसींवा में किया ध्वजारोहण, बोले- ‘बात कम, काम ज्यादा’ के सिद्धांत पर आगे बढ़ रहा छत्तीसगढ़
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर धरसींवा विधानसभा क्षेत्र में विधायक अनुज शर्मा ने सेवा सदन और बीईओ कार्यालय परिसर में ध्वजारोहण किया। उन्होंने शहीदों को नमन करते हुए विकसित, स्वर्णिम और अपराध-मुक्त छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प दिलाया तथा राज्य सरकार की योजनाओं और सुशासन को लेकर अपने विचार साझा किए।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर धरसींवा विधानसभा क्षेत्र में राष्ट्रभक्ति और उत्साह का माहौल रहा। इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा ने विभिन्न कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर ध्वजारोहण किया। उन्होंने सेवा सदन धरसींवा और विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में आयोजित समारोहों में विधिवत राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद राष्ट्रगान के बीच तिरंगे को सलामी दी और स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उन स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को याद करने का दिन है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि देशवासियों को आजादी की खुली हवा में सांस लेने का अवसर वीर सपूतों के त्याग और बलिदान से मिला है। उन्होंने सभी स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को नमन किया।
विकसित भारत के संकल्प पर जोर
विधायक ने भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि देश अंतरिक्ष, रक्षा और तकनीक सहित विभिन्न क्षेत्रों में लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को जनभागीदारी से जोड़ते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी नागरिकों को अपनी भूमिका निभानी होगी।
उन्होंने युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ने और महिलाओं को सशक्त, सुरक्षित एवं स्वावलंबी बनाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। विधायक ने कहा कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना जरूरी है।
‘बात कम, काम ज्यादा’ पर जोर
छत्तीसगढ़ सरकार की कार्यप्रणाली का उल्लेख करते हुए अनुज शर्मा ने कहा कि राज्य में सुशासन और पारदर्शिता को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का सिद्धांत ‘बात कम, काम ज्यादा’ है। उन्होंने किसान हित में किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए धान खरीदी और बोनस से जुड़ी योजनाओं को सरकार की प्राथमिकताओं में बताया।
विधायक ने कहा कि किसानों, महिलाओं और आम नागरिकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उनका कहना था कि योजनाओं का लाभ बिना बिचौलियों के जरूरतमंद लोगों तक पहुंचे, यही सुशासन का वास्तविक उद्देश्य है।
स्वर्णिम और अपराध-मुक्त छत्तीसगढ़ का संकल्प
अनुज शर्मा ने कहा कि कला, संस्कृति, उद्योग और कृषि के क्षेत्र में सामूहिक प्रयासों से छत्तीसगढ़ को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने प्रदेश को समृद्ध, विकसित और अपराध-मुक्त बनाने के लिए सभी से मिलकर काम करने का आह्वान किया।
उन्होंने धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास, शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उपस्थित लोगों को देश की एकता और अखंडता बनाए रखने तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष शकुंतला ढीलेंद्र सेन, उपाध्यक्ष दिनेश खूटे सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक, स्कूली बच्चे और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। समारोह के अंत में विधायक ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और जय हिंद के नारों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।