E20 पेट्रोल के खिलाफ AAP का स्टेट लेवल टाउनहॉल आज रायपुर में, नवीन कार्यालय का भी होगा उद्घाटन

आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ E20 पेट्रोल से जुड़े उपभोक्ताओं के सवालों और वाहन संबंधी समस्याओं को लेकर 17 अगस्त को रायपुर में स्टेट लेवल टाउनहॉल आयोजित करेगी। कार्यक्रम में वाहन मालिकों, मैकेनिकों और आम नागरिकों से सीधे संवाद किया जाएगा। इसी दिन पार्टी के नवीन कार्यालय का उद्घाटन भी होगा।

Aug 17, 2026 - 11:35
 0  2
E20 पेट्रोल के खिलाफ AAP का स्टेट लेवल टाउनहॉल आज रायपुर में, नवीन कार्यालय का भी होगा उद्घाटन

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l E20 पेट्रोल से वाहनों को होने वाली समस्याओं और उपभोक्ताओं की चिंताओं को लेकर आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ द्वारा 17 अगस्त 2026 को रायपुर में स्टेट लेवल टाउनहॉल कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। पार्टी के राष्ट्रीय स्तर पर चल रहे E20 विरोधी अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में वाहन मालिकों, मैकेनिकों, ऑटोमोबाइल क्षेत्र से जुड़े लोगों और आम उपभोक्ताओं से सीधे संवाद किया जाएगा।

आम आदमी पार्टी के अनुसार, टाउनहॉल कार्यक्रम दोपहर 3:30 बजे महाराजा अग्रसेन इंटरनेशनल कॉलेज, समता/चौबे कॉलोनी, रायपुर में आयोजित होगा। कार्यक्रम के दौरान E20 पेट्रोल को लेकर उपभोक्ताओं के बीच उठ रहे सवालों और समस्याओं पर चर्चा की जाएगी।

पार्टी नेताओं का कहना है कि E20 पेट्रोल के उपयोग को लेकर वाहन मालिकों और मैकेनिकों के बीच लगातार कई तरह की चिंताएं सामने आ रही हैं। इनमें वाहन के माइलेज में कमी, प्रदर्शन से जुड़ी शिकायतें और इंजन संबंधी समस्याएं प्रमुख हैं। पार्टी इन मुद्दों को टाउनहॉल के माध्यम से जनता के बीच उठाने और प्रभावित लोगों की बात सीधे सुनने का प्रयास करेगी।

AAP नेताओं के मुताबिक E20 पेट्रोल को लेकर देशभर में बहस तेज हुई है। पार्टी का कहना है कि कुछ प्रमुख वाहन कंपनियों से जुड़े आंतरिक ईमेल में ईंधन में क्लोराइड और नमी जैसी समस्याओं को लेकर चिंता सामने आने की रिपोर्ट प्रकाशित हुई है। वहीं सरकारी तेल कंपनियों की ओर से E20 को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप बताया गया है। इन अलग-अलग दावों के बीच आम आदमी पार्टी ने उपभोक्ताओं की शिकायतों की स्वतंत्र और वैज्ञानिक जांच कराने की मांग उठाई है।

पार्टी का कहना है कि वाहन उपभोक्ताओं की समस्याओं को केवल सामान्य शिकायत मानकर नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। यदि किसी ईंधन के इस्तेमाल को लेकर वाहन मालिकों और तकनीकी क्षेत्र से जुड़े लोगों की ओर से लगातार सवाल सामने आ रहे हैं, तो संबंधित विषयों की निष्पक्ष जांच और तथ्यात्मक जानकारी जनता के सामने रखी जानी चाहिए।

आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ ने वाहन मालिकों, मैकेनिकों, ऑटोमोबाइल क्षेत्र से जुड़े लोगों और आम नागरिकों से 17 अगस्त को आयोजित टाउनहॉल में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। पार्टी के अनुसार, कार्यक्रम के माध्यम से उपभोक्ताओं को अपनी समस्याएं और अनुभव सामने रखने का अवसर मिलेगा।

नवीन कार्यालय का उद्घाटन

17 अगस्त को ही आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ के नवीन कार्यालय का उद्घाटन भी किया जाएगा। पार्टी के अनुसार, सुबह 11 बजे भाटागांव बस स्टैंड के पास राधा स्वामी नगर, प्रोफेसर कॉलोनी में नवीन कार्यालय का उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित होगा।

इस अवसर पर पत्रकारों और गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित किया गया है। पार्टी ने कहा कि नया कार्यालय संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूती देने और कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने में सहायक होगा।

आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ के प्रदेश मीडिया प्रभारी मिहिर कुर्मी ने बताया कि दोनों कार्यक्रमों के माध्यम से पार्टी जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने नागरिकों से कार्यक्रमों में शामिल होकर अपनी सहभागिता दर्ज कराने की अपील की।