नन्हे सितारे जिला स्तरीय प्रतियोगिता में नमकखार के नन्हे कलाकारों ने हासिल किया तीसरा स्थान

जशपुर जिले में आयोजित नन्हे सितारे जिला स्तरीय प्रतियोगिता में पत्थलगांव विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला नमकखार के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। छात्रा सोनालिका नायक ने कक्षा 4-5 समूह की स्पोकन इंग्लिश प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं निशिका बड़ा ने कक्षा 1 से 3 समूह की कहानी सुनाने की प्रतियोगिता में पत्थलगांव विकासखंड का प्रतिनिधित्व किया।

Oct 2, 2026 - 07:52
 0  33
नन्हे सितारे जिला स्तरीय प्रतियोगिता में नमकखार के नन्हे कलाकारों ने हासिल किया तीसरा स्थान

UNITED NEWS OF ASIA. लक्ष्मी जांगड़े, जशपुर l जिले में विद्यार्थियों की प्रतिभा और सृजनशीलता को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित नन्हे सितारे जिला स्तरीय प्रतियोगिता में पत्थलगांव विकासखंड के ग्राम पंचायत खूंटापानी अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला नमकखार के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्रा सोनालिका नायक ने स्पोकन इंग्लिश प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल कर विद्यालय, गांव और पत्थलगांव विकासखंड का नाम रोशन किया।

नन्हे सितारे प्रतियोगिता का आयोजन जिला प्रशासन जशपुर और ओपन लिंक फाउंडेशन के तत्वावधान तथा यशस्वी जशपुर के मार्गदर्शन में किया गया। इस पहल के माध्यम से जिले के शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराया गया। विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों के वीडियो तैयार कर विनोबा एप के माध्यम से 10 जुलाई 2026 से 31 अगस्त 2026 तक सहभागिता कराई गई।

विद्यालय स्तर पर हुई सहभागिता के बाद निर्धारित प्रतियोगिता मानदंडों के आधार पर विभिन्न विषयों और आयु समूहों में प्रत्येक विकासखंड से विद्यार्थियों का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। इसी प्रक्रिया के तहत पत्थलगांव विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला नमकखार के दो विद्यार्थियों ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।

30 सितंबर 2026 को पंडित रामचंद्र पौराणिक सामुदायिक भवन, जशपुर, बालाजी मंदिर के पास आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में सोनालिका नायक ने कक्षा 4 से 5 समूह की स्पोकन इंग्लिश प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त किया। उन्होंने पत्थलगांव विकासखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति ने प्रतियोगिता में निर्णायकों और उपस्थित दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।

वहीं विद्यालय की छात्रा निशिका बड़ा ने कक्षा 1 से 3 समूह की कहानी सुनाने की प्रतियोगिता में पत्थलगांव विकासखंड का प्रतिनिधित्व किया। निशिका ने प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक हिस्सा लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और सराहनीय प्रयास किया।

बच्चों की इस उपलब्धि में शासकीय प्राथमिक शाला नमकखार की शिक्षिका अंकिता श्रीवास्तव और शिक्षक ओमप्रकाश पैंकरा का महत्वपूर्ण योगदान रहा। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को प्रतियोगिता के लिए तैयार करने के साथ उनकी प्रतिभा को निखारने और आत्मविश्वास बढ़ाने में मार्गदर्शन दिया।

विद्यालय के विद्यार्थियों के इस प्रदर्शन से उनके परिवार के साथ ग्राम पंचायत खूंटापानी, नमकखार और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने सोनालिका नायक और निशिका बड़ा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

ग्रामीणों का कहना है कि ग्रामीण अंचलों के बच्चों में भी प्रतिभा की कमी नहीं है। उन्हें यदि उचित मंच और अवसर मिले तो वे अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। नन्हे सितारे जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा सामने लाने का अवसर देने के साथ उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने में भी मददगार साबित हो रहे हैं।

जिला स्तरीय प्रतियोगिता में सोनालिका नायक का तीसरा स्थान हासिल करना उनकी मेहनत, प्रतिभा और शिक्षकों के मार्गदर्शन से जुड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। इस प्रदर्शन ने शासकीय प्राथमिक शाला नमकखार और पत्थलगांव विकासखंड के साथ क्षेत्र को भी गौरवान्वित किया है।