रायपुर प्रेस क्लब ने पुनर्जीवित किया पत्रकार कल्याण कोष, QR कोड के साथ शुरू हुआ “आपका सहयोग, अपने लिए” अभियान

रायपुर प्रेस क्लब ने पत्रकारों और उनके परिवारों की आकस्मिक परिस्थितियों में सहायता के उद्देश्य से पूर्व में संचालित पत्रकार कल्याण कोष को पुनः सक्रिय किया है। QR कोड जारी कर “आपका सहयोग, अपने लिए” अभियान की शुरुआत की गई। अभियान के तहत पत्रकार और आम नागरिक अपनी इच्छानुसार कोष में सहयोग कर सकेंगे।

Aug 17, 2026 - 11:32
 0  2
रायपुर प्रेस क्लब ने पुनर्जीवित किया पत्रकार कल्याण कोष, QR कोड के साथ शुरू हुआ “आपका सहयोग, अपने लिए” अभियान

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l पत्रकार साथियों और उनके परिवारों के सामने आने वाली आकस्मिक एवं कठिन परिस्थितियों में सहयोग उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रायपुर प्रेस क्लब ने पूर्व में संचालित पत्रकार कल्याण कोष को पुनः सक्रिय किया है। इसी क्रम में रविवार को प्रेस क्लब परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पत्रकार कल्याण कोष के खाते का QR कोड जारी कर इसे सार्वजनिक किया गया। इसके साथ ही “आपका सहयोग, अपने लिए” अभियान की शुरुआत हुई।

अभियान के तहत प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी और मनीष वोरा ने स्वयं सहयोग राशि देकर पत्रकार साथियों से अपनी क्षमता के अनुसार कोष में योगदान करने की अपील की। अभियान के पहले ही दिन बृजेश चौबे, प्रशांत शर्मा, रामावतार तिवारी, मनीष वोरा, दिलीप साहू, त्रिलोचन मानिकपुरी, भूपेश जांगड़े, नरेंद्र बंगाले, भरत योगी, अमृता शर्मा और ऋषि नेताम सहित अन्य पत्रकारों ने अपनी क्षमता के अनुसार सहयोग राशि देकर पहल का समर्थन किया।

अब पत्रकार साथी अपनी इच्छानुसार QR कोड के माध्यम से इस कल्याण कोष में आसानी से योगदान कर सकेंगे। पत्रकारों के शुभचिंतक और आम नागरिक भी इस पहल से जुड़कर सहयोग कर सकते हैं। कोष में प्राप्त राशि का उपयोग आकस्मिक या दुखद परिस्थितियों में जरूरतमंद पत्रकारों अथवा उनके परिवारों को संबल प्रदान करने के लिए किया जाएगा। सहायता से संबंधित निर्णय निर्धारित नियम एवं प्रक्रिया के अनुसार प्रेस क्लब की कार्यकारिणी द्वारा लिया जाएगा।

पुरानी पहल को मिली नई शुरुआत

रायपुर प्रेस क्लब में पत्रकार कल्याण कोष की शुरुआत का इतिहास पुराना है। वर्ष 2003-04 में तत्कालीन प्रेस क्लब अध्यक्ष बृजेश चौबे के कार्यकाल में पत्रकार कल्याण कोष की शुरुआत की गई थी। उस समय पत्रकारों के साथ-साथ आम नागरिकों से सहयोग लेकर जरूरत के समय पत्रकार साथियों की सहायता करने की परंपरा शुरू हुई थी।

अब उसी भावना और परंपरा को आगे बढ़ाते हुए वर्तमान कार्यकारिणी ने पुराने कल्याण कोष के खाते को पुनः सक्रिय कर इसे व्यवस्थित तरीके से संचालित करने का निर्णय लिया है। प्रेस क्लब का उद्देश्य सामूहिक सहयोग की ऐसी व्यवस्था तैयार करना है, जिससे कठिन समय में जरूरतमंद पत्रकारों और उनके परिवारों को सहायता मिल सके।

प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी ने कहा कि प्रेस क्लब पत्रकारों की हर सुख-दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ा रहने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पत्रकार कल्याण कोष किसी एक व्यक्ति के लिए नहीं, बल्कि पूरे पत्रकार परिवार के लिए सामूहिक सुरक्षा और सहयोग की भावना का माध्यम है।

इस अवसर पर पुराने पत्रकार कल्याण कोष के खाते को पुनः संचालित कराने में सहयोग करने वाले पूर्व एसबीआई अधिकारी एवं एंकर शकील साजिद का प्रेस क्लब की ओर से सम्मान किया गया। उन्होंने पत्रकार हित में शुरू की गई इस पहल की सराहना की।

पूर्व प्रेस क्लब अध्यक्ष बृजेश चौबे ने कल्याण कोष के गठन और शुरुआती दौर की जानकारी साझा करते हुए वर्तमान कार्यकारिणी को पहल दोबारा शुरू करने के लिए बधाई दी। उन्होंने कोष के पारदर्शी संचालन के लिए राशि के उपयोग की स्पष्ट नियमावली और प्रक्रिया निर्धारित करने का सुझाव दिया।

कार्यक्रम में प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू एवं भूपेश जांगड़े सहित वरिष्ठ पत्रकार प्रशांत शर्मा, विजय मिश्रा, मनीष वोरा, विकास शर्मा, मुकेश वर्मा, भरत योगी, जावेद अली, योगेश साहू, विनय घाटगे, त्रिलोचन मानिकपुरी, विद्याभूषण सहित अन्य पत्रकार उपस्थित रहे।