जनदर्शन में कलेक्टर नम्रता जैन ने सुनी आमजनों की समस्याएं, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
नारायणपुर कलेक्ट्रेट में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर नम्रता जैन ने जिले के विभिन्न गांवों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं और सभी आवेदनों के शीघ्र निराकरण का भरोसा दिलाया।
UNITED NEWS OF ASIA. परस साहू, बालोद नारायणपुर। जिले में आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर नम्रता जैन ने जिले के विभिन्न गांवों से पहुंचे लोगों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों एवं नागरिकों की मांगों, समस्याओं और शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा उनके त्वरित निराकरण का भरोसा दिलाया।
जनदर्शन कार्यक्रम में कुल 33 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें शिक्षा, कृषि, बिजली, सड़क, पुलिया निर्माण, सामाजिक सहायता, आर्थिक मदद, लंबित भुगतान, वन अधिकार पट्टा, नक्सल पीड़ितों को सहायता, विवाह प्रोत्साहन योजना, पंचायत स्तर के विकास कार्य एवं अन्य जनहित से जुड़े विषय शामिल रहे। कलेक्टर नम्रता जैन ने सभी आवेदनों को ध्यानपूर्वक पढ़ते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर निराकरण करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में हाई स्कूल खड़ीबहार में नलकूप में पावर पंप स्थापना, धान पंजीयन में त्रुटि सुधार, धान बिक्री टोकन जारी करने, ग्राम पंचायतों में निर्माण कार्यों की स्वीकृति, लंबित बिल भुगतान, बिजली पोल आपूर्ति, सड़क व पुलिया निर्माण, तालाब गहरीकरण एवं सौंदर्यीकरण, आर्थिक सहायता, उच्चतर शिक्षा हेतु सहयोग, शौचालय एवं स्नानागार निर्माण राशि, ई-वाहन सब्सिडी, वन अधिकार पट्टा प्रदान करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आवेदन प्रस्तुत किए गए।
इसके साथ ही नक्सल पीड़ित परिवारों को अनुकंपा सहायता, अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन योजना अंतर्गत राशि स्वीकृति, कब्रिस्तान एवं सामुदायिक भवन हेतु भूमि आबंटन, अतिक्रमण हटाने, जीपीएफ एवं अवकाश नगदीकरण भुगतान जैसी समस्याओं पर भी लोगों ने अपनी बात रखी।
कलेक्टर नम्रता जैन ने कहा कि जनदर्शन शासन और आम जनता के बीच संवाद का सशक्त माध्यम है, जिससे आम नागरिकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान संभव हो पाता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ प्राथमिकता से कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
जनदर्शन कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और प्राप्त आवेदनों की प्रारंभिक जांच कर निराकरण की प्रक्रिया प्रारंभ की गई।