गुण्डरदेही–धमतरी मार्ग पर ट्रैक्टर और माजदा में भीषण टक्कर, रुई से भरा वाहन पलटा
गुण्डरदेही–धमतरी मुख्य मार्ग पर ग्राम रजोली के पास ट्रैक्टर और माजदा वाहन की टक्कर में रुई से भरा माजदा पलट गया। हादसे में चालक सुरक्षित रहे, लेकिन करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा।
UNITED NEWS OF ASIA. परस साहू, बालोद गुण्डरदेही। ब्लॉक मुख्यालय से लगभग 11 किलोमीटर दूर गुण्डरदेही–धमतरी मुख्य मार्ग पर ग्राम रजोली के पास ट्रैक्टर और माजदा वाहन के बीच भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रुई से भरा माजदा वाहन सड़क पर पलट गया। सौभाग्यवश इस दुर्घटना में ट्रैक्टर और माजदा दोनों के चालक सुरक्षित हैं, हालांकि माजदा चालक को मामूली चोटें आई हैं।
घटना के बाद सड़क पर पलटे वाहन के कारण करीब आधे घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और यातायात सुचारू कराने में मदद की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, माजदा वाहन धमतरी से होते हुए गुण्डरदेही मार्ग से नागपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान माजदा के आगे एक ट्रैक्टर धमतरी की ओर से जा रहा था। ग्राम रजोली के पास अचानक एक दोपहिया वाहन चालक की लापरवाही सामने आई, जिसने तेज और असंतुलित तरीके से वाहन चलाया। दोपहिया चालक को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर चालक ने नियंत्रण खो दिया, तभी पीछे से आ रहा माजदा वाहन ट्रैक्टर से टकरा गया और पलट गया।
घटना के बाद लापरवाह मोटरसाइकिल चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार मोटरसाइकिल चालक ने शराब का सेवन कर रखा था और सड़क पर मनमानी ढंग से वाहन चला रहा था, जिससे यह हादसा हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही रनचिराई पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना स्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस द्वारा फरार दोपहिया चालक की तलाश की जा रही है तथा दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए और नशे में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।