राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत बालोद में जुम्बा कार्यक्रम आयोजित, वाहन चालकों को दिलाई गई सड़क सुरक्षा शपथ

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत यातायात कार्यालय बालोद द्वारा जुम्बा कार्यक्रम, सड़क सुरक्षा शपथ और जागरूकता रथ के माध्यम से आम नागरिकों एवं वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।

Jan 7, 2026 - 15:55
 0  23
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत बालोद में जुम्बा कार्यक्रम आयोजित, वाहन चालकों को दिलाई गई सड़क सुरक्षा शपथ

UNITED NEWS OF ASIA. परस साहू, बालोद। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह (01 जनवरी से 31 जनवरी 2026) के अंतर्गत जिले में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने एवं यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यातायात कार्यालय बालोद द्वारा विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज यातायात कार्यालय बालोद के सामने जुम्बा कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, नव आरक्षक एवं आम नागरिकों ने सहभागिता की।

यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक बालोद योगेश कुमार पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन, उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय)  बोनीफॉस एक्का एवं यातायात प्रभारी निरीक्षक  रविशंकर पाण्डेय के नेतृत्व में संपन्न हुआ। जुम्बा प्रशिक्षक  धीरज शर्मा द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 225 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का मुख्य संदेश था — “स्वस्थ शरीर रखे स्वस्थ मन, स्वस्थ मन रखे सुरक्षित जन”। इसके माध्यम से यह बताया गया कि स्वस्थ शरीर और मानसिक संतुलन के साथ वाहन चलाने से दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। उपस्थित लोगों को हेलमेट, सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने एवं नशे की हालत में वाहन न चलाने के लिए प्रेरित किया गया।

इसके साथ ही जिले के कोबा मेला मंडई, जुंगेरा, जगन्नाथपुर, सांकरा, अर्जुन्दा, सुरेगांव, भण्डेरा, भेंड़ी एवं मालघोरी क्षेत्रों में यातायात जागरूकता रथ के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी गई। इस दौरान आम नागरिकों एवं वाहन चालकों को पाम्पलेट वितरित कर यातायात नियमों का पालन स्वयं करने के साथ-साथ दूसरों को भी प्रेरित करने का संदेश दिया गया।

आज ही बस स्टैंड बालोद में ट्रक, ऑटो, टैक्सी, ई-रिक्शा एवं यात्री बस चालकों एवं परिचालकों को सड़क सुरक्षा शपथ दिलाई गई। उन्हें वाहन चलाते समय यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने, यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने एवं जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने के लिए जागरूक किया गया।

बालोद पुलिस द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान सड़क सुरक्षा के प्रति समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।