देवरबीजा की 55 बेटियों को मिली सरस्वती साइकिल की सौगात, शिक्षा की राह आसान
बेमेतरा के देवरबीजा स्थित पीएम श्री शासकीय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय में मुख्यमंत्री सरस्वती साइकिल योजना के तहत कक्षा 9वीं की 55 पात्र छात्राओं को निःशुल्क साइकिल वितरित की गई। विधायक दीपेश साहू ने कहा कि साइकिल बेटियों के लिए आवागमन का साधन ही नहीं, बल्कि शिक्षा, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
UNITED NEWS OF ASIA. अरुण पुरेना, बेमेतरा l बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ने, विद्यालय में उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और उन्हें पढ़ाई के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री सरस्वती साइकिल योजना के तहत पीएम श्री शासकीय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम विद्यालय, देवरबीजा में निःशुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 9वीं में अध्ययनरत 55 पात्र छात्राओं को साइकिल वितरित की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बेमेतरा विधायक दीपेश साहू अपनी पत्नी तरुणा साहू के साथ शामिल हुए। छात्राओं को साइकिल मिलने पर उनके चेहरे पर खुशी और उत्साह नजर आया। कार्यक्रम में बलराम पटेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि, हेमलाल पांडु देवांगन, सरपंच महामंत्री देवरबीजा मंडल, नीरज राजपूत, जनपद सदस्य, सोसायटी अध्यक्ष संजीव तिवारी, राजेश पटेल एवं सुखेन यादव, अध्यक्ष युवा मोर्चा मंडल देवरबीजा सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
साइकिल शिक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम
विधायक दीपेश साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री सरस्वती साइकिल योजना प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं में शामिल है। योजना का उद्देश्य बालिकाओं को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के साथ ही विद्यालय तक सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों से विद्यालय आने वाली कई छात्राओं को आवागमन में परेशानी होती है। ऐसे में साइकिल उनके लिए सिर्फ आने-जाने का साधन नहीं, बल्कि शिक्षा, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक मजबूत कदम है। उन्होंने छात्राओं से नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर अध्ययन करने का आह्वान किया।
बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने पर जोर
दीपेश साहू ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने के साथ बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने छात्राओं से अपने माता-पिता, विद्यालय और जिले का नाम रोशन करने की अपील की।
कार्यक्रम में प्राचार्य सविता तिवारी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और समस्त स्टाफ की सहभागिता रही। कोमल देवांगन, ठाकुर राम निर्मलकर, राजकुमार राजपूत, सुखी साहू, देवलाल साहू, वीरबहादुर सेन, फलेश मधुकर, दिलीप विश्वकर्मा, राजेश पटेल, निर्मल टंडन, संतोष देवांगन, महावीर देवांगन और रामेश्वर देवांगन सहित अन्य उपस्थित रहे।
इसके अलावा बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं, जनप्रतिनिधि, पालकगण एवं छात्राएं भी कार्यक्रम में शामिल हुईं। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
साइकिल प्राप्त करने वाली छात्राओं ने शासन की योजना के प्रति प्रसन्नता व्यक्त की। छात्राओं ने कहा कि साइकिल मिलने से उन्हें विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी और पढ़ाई के प्रति उनका उत्साह भी बढ़ेगा। मुख्यमंत्री सरस्वती साइकिल योजना के माध्यम से बेटियों की शिक्षा को प्रोत्साहन देने के साथ उनकी नियमित विद्यालय उपस्थिति को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।