शुष्क दिवस पर अवैध शराब बिक्री पर धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार, 94 पौवा शराब जब्त

धमतरी जिले में शुष्क दिवस 26 जनवरी को अवैध शराब बिक्री के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। सिटी कोतवाली पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 94 पौवा देशी शराब और 12,290 रुपये जब्त किए। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

Jan 28, 2026 - 11:19
 0  15
शुष्क दिवस पर अवैध शराब बिक्री पर धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार, 94 पौवा शराब जब्त

UNITED NEWS OF ASIA.रिजवान मेमन, धमतरी। पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में जिले में अवैध शराब, मादक पदार्थों एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में शुष्क दिवस 26 जनवरी 2026 को धमतरी पुलिस ने अवैध शराब विक्रय करने वालों के खिलाफ बड़ी और सख्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

थाना सिटी कोतवाली धमतरी को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि महात्मा गांधी वार्ड और विंध्यवासिनी वार्ड क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर अवैध रूप से शराब बेची जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद तत्काल पुलिस टीम गठित कर दोनों स्थानों पर दबिश दी गई और आरोपियों के विरुद्ध पृथक-पृथक वैधानिक कार्यवाही की गई।

पहली कार्रवाई नयापारा, महात्मा गांधी वार्ड में की गई, जहां आरोपी हेमंत यादव उर्फ मंगलू को अपने निवास पर बिना किसी वैध दस्तावेज के अवैध रूप से शराब रखते और बिक्री करते हुए पकड़ा गया। मौके से देशी प्लेन शराब 13 पौवा और देशी मसाला शराब 19 पौवा, कुल 32 पौवा शराब जब्त की गई। जब्त शराब की कीमत 2,940 रुपये तथा बिक्री रकम 300 रुपये सहित कुल 3,240 रुपये की संपत्ति जब्त की गई। आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।

दूसरी कार्रवाई विंध्यवासिनी वार्ड, गड्ढा पारा, पानी टंकी के पास की गई। यहां आरोपी चंद्रकांत साहू उर्फ चंदू को अवैध रूप से शराब बिक्री करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से देशी प्लेन शराब 30 पौवा और देशी मसाला शराब 32 पौवा, कुल 62 पौवा शराब जब्त की। जब्त शराब की कीमत 7,800 रुपये एवं बिक्री रकम 1,250 रुपये सहित कुल 9,050 रुपये की सामग्री जब्त की गई। आरोपी को भी धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।

इस कार्रवाई में कुल 94 पौवा देशी शराब और 12,290 रुपये जब्त किए गए। धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब, नशा कारोबार एवं गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी सघन चेकिंग, गश्त और सूचना तंत्र के माध्यम से कठोर कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि जिले में कानून व्यवस्था बनी रहे।