डकैती की योजना बनाते आधा दर्जन आरोपी गिरफ्तार, तलवार-डंडा, हॉकी स्टिक और स्कॉर्पियो वाहन जब्त

सिविल लाइन थाना क्षेत्र में डकैती की योजना बनाते हुए छह आरोपियों को पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तलवार, चार डंडे, हॉकी स्टिक और स्कॉर्पियो वाहन जब्त किया गया है। सभी आरोपी गोबरा नवापारा, जिला रायपुर के निवासी बताए गए हैं।

Jan 30, 2026 - 16:55
 0  10
डकैती की योजना बनाते आधा दर्जन आरोपी गिरफ्तार, तलवार-डंडा, हॉकी स्टिक और स्कॉर्पियो वाहन जब्त

UNITED NEWS OF ASIA.हसीब अख्तर, रायपुर | सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत दुर्गा नगर केनाल रोड के पास डकैती की योजना बनाते हुए आधा दर्जन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक स्कॉर्पियो वाहन में सवार कुछ युवक घातक हथियारों के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं।

प्राप्त सूचना को पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन)  उमेश प्रसाद गुप्ता द्वारा गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी सिविल लाइन के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान दुर्गा नगर केनाल रोड पर घेराबंदी कर संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन को चिन्हांकित किया।

पुलिस द्वारा वाहन को रोककर तलाशी लेने पर स्कॉर्पियो में कुल छह युवक सवार पाए गए। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम टिकेश शेन्द्रे उर्फ बिल्ला, आलोक साहनी, नितेश साहनी, शुभम साहनी, इन्द्र कुमार उर्फ सुमित तथा कुंदन साहनी बताए। सभी आरोपी गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र, जिला रायपुर के निवासी हैं।

वाहन की विधिवत तलाशी के दौरान स्कॉर्पियो के अंदर से एक तलवार, चार लकड़ी के डंडे तथा एक हॉकी स्टिक बरामद की गई। हथियारों के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपियों ने पहले पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उन्होंने डकैती की योजना बनाना स्वीकार किया। आरोपियों ने यह भी बताया कि वारदात के दौरान उक्त हथियारों का उपयोग किया जाना था।

पुलिस ने मौके पर ही सभी छह आरोपियों को हिरासत में लेकर विधिवत गिरफ्तार किया तथा उनके कब्जे से एक नग तलवार, चार नग लकड़ी के डंडे, एक नग हॉकी स्टिक एवं स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक CG 23 J 6367 को जब्त किया।

इस संबंध में थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 50/26 के तहत धारा 310(4), 313 बीएनएस एवं 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में टिकेश शेन्द्रे उर्फ बिल्ला (30 वर्ष), आलोक साहनी (23 वर्ष), नितेश साहनी (24 वर्ष), शुभम साहनी (19 वर्ष), इन्द्र कुमार उर्फ सुमित निषाद (25 वर्ष) तथा कुंदन साहनी (20 वर्ष) शामिल हैं।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में संभावित बड़ी आपराधिक वारदात टल गई है। सिविल लाइन पुलिस द्वारा आगे भी आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।