प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना से युवाओं को मिलेगा रोजगार, उद्योगों को मिलेगी नई गति: बृजमोहन अग्रवाल
रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना युवाओं को रोजगार और उद्योगों को प्रोत्साहन देने वाली महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने छत्तीसगढ़ में योजना के व्यापक क्रियान्वयन के लिए उद्योग जगत को आगे आने का आह्वान किया।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l रायपुर सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने कहा है कि प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना देश के युवाओं को रोजगार, कौशल और सामाजिक सुरक्षा से जोड़ने वाली एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि यह योजना युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ उद्योगों को नए रोजगार सृजन के लिए प्रोत्साहित करेगी, जिससे देश और प्रदेश दोनों के आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
बृजमोहन अग्रवाल क्षेत्रीय भविष्य निधि कार्यालय द्वारा एम्स हॉस्पिटल ऑडिटोरियम में आयोजित प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े और देशभर के 15 लाख से अधिक हितग्राहियों को लगभग 2,400 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि वितरित की
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि केंद्र सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए लगातार नई योजनाएं लागू कर रही है। प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना इसी दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने इस योजना के लिए 99,446 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।
योजना के तहत पहली बार रोजगार प्राप्त करने वाले युवाओं को 15 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। वहीं नए रोजगार सृजित करने वाले प्रतिष्ठानों को प्रत्येक पात्र कर्मचारी पर प्रति माह तीन हजार रुपये तक का प्रोत्साहन मिलेगा। इससे उद्योगों पर रोजगार सृजन का आर्थिक बोझ कम होगा और अधिक संख्या में युवाओं को औपचारिक क्षेत्र में रोजगार मिलने का मार्ग प्रशस्त होगा।
बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में इस योजना की व्यापक संभावनाएं हैं। प्रदेश के तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षण संस्थानों से हर वर्ष बड़ी संख्या में प्रशिक्षित युवा निकलते हैं। यदि उद्योग जगत इस योजना का प्रभावी उपयोग करे तो हजारों युवाओं को रोजगार मिल सकता है। होटल, स्वास्थ्य सेवाएं, विनिर्माण, खनन, सीमेंट, स्टील और सेवा क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर विकसित किए जा सकते हैं।
उन्होंने विशेष रूप से बस्तर क्षेत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों से सामान्य स्थिति की ओर बढ़ रहे युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने का यह सुनहरा अवसर है। स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षित कर उद्योगों और खनन क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराया जा सकता है, जिससे क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई दिशा मिलेगी।
सांसद ने उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन से आग्रह किया कि राज्य स्तर पर उद्योगों, विभिन्न विभागों और संस्थानों की संयुक्त बैठक आयोजित कर योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार और प्रभावी क्रियान्वयन की रणनीति तैयार की जाए। इससे अधिक से अधिक युवाओं तक योजना का लाभ पहुंचाया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में कई उद्योगों को प्रशिक्षित मानव संसाधन की आवश्यकता है और यह योजना उस आवश्यकता को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। इससे प्रदेश के युवाओं को रोजगार मिलेगा और उद्योगों को कुशल कार्यबल उपलब्ध होगा।
कार्यक्रम में उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, हिरण्यमय पंड्या, जयवदन इंगले, उद्योग एवं श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में बृजमोहन अग्रवाल ने योजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा सफल आयोजन के लिए क्षेत्रीय भविष्य निधि कार्यालय के अधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।