बिन्दा बाई सोनकर स्कूल में ₹25 लाख से अतिरिक्त कक्ष का भूमिपूजन, मेरिट विद्यार्थियों को स्कूटी और 90% अंक वालों को ₹10 हजार प्रोत्साहन

रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत ने बिन्दा बाई सोनकर स्कूल में विधायक निधि से ₹25 लाख की लागत से बनने वाले अतिरिक्त कक्ष का भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने 10वीं-12वीं की मेरिट सूची में आने वाले विद्यार्थियों को स्कूटी और 90 प्रतिशत अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को ₹10 हजार प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।

Aug 9, 2026 - 15:42
 0  5
बिन्दा बाई सोनकर स्कूल में ₹25 लाख से अतिरिक्त कक्ष का भूमिपूजन, मेरिट विद्यार्थियों को स्कूटी और 90% अंक वालों को ₹10 हजार प्रोत्साहन

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के अश्विनी नगर स्थित बिन्दा बाई सोनकर स्कूल में विधायक निधि से ₹25 लाख की लागत से बनने वाले अतिरिक्त कक्ष का भूमिपूजन रायपुर पश्चिम विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत ने किया। श्रीफल फोड़कर और कुदाल चलाकर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर नगर निगम सभापति सूर्यकान्त राठौड़, जोन 5 अध्यक्ष अम्बर अग्रवाल, पार्षद रवि सोनकर, एल्डरमैन रामकिंकर सिंह ठाकुर, अनिल सोनकर सहित जनप्रतिनिधि, सोनकर समाज के पदाधिकारी, स्कूल प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान राजेश मूणत ने विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले बिन्दा बाई सोनकर स्कूल के विद्यार्थियों को विधायक निधि से स्कूटी प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को ₹10 हजार की प्रोत्साहन राशि स्वेच्छानुदान के रूप में दी जाएगी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत को प्रोत्साहित करना और उन्हें बेहतर शिक्षा के लिए प्रेरित करना इस पहल का उद्देश्य है।

राजेश मूणत ने स्कूल के बेहतर संचालन के लिए सोनकर समाज के पदाधिकारियों की सराहना की। उन्होंने स्कूल की स्थापना के लिए बिन्दा बाई सोनकर द्वारा करीब 30 वर्ष पूर्व लगभग 6 एकड़ भूमि दान किए जाने को अनुकरणीय कार्य बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के लिए भूमि दान करना आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण योगदान है।

नगर निगम सभापति सूर्यकान्त राठौड़ ने राजेश मूणत को विकास के प्रति सक्रिय जनप्रतिनिधि बताते हुए कहा कि बिन्दा बाई सोनकर द्वारा शिक्षा के लिए भूमि उपलब्ध कराना समाजसेवा और जनहित की प्रेरणादायक मिसाल है। उन्होंने कहा कि स्कूल में अतिरिक्त कक्ष के निर्माण से विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक सुविधाओं का विस्तार होगा और अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण तैयार होगा।

कार्यक्रम में नगर निगम के संबंधित अधिकारी, स्कूल के प्राचार्य, शिक्षक, शिक्षिकाएं, सामाजिक कार्यकर्ता, वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं और बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे। विधायक निधि से होने वाला यह निर्माण कार्य स्कूल की आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने में उपयोगी साबित होगा।