बांकीमोंगरा में फेस्टिवल धमाका, लकी ड्रा और कवि सम्मेलन से सजी यादगार शाम

कोरबा जिले के बांकीमोंगरा नगर पालिका परिषद के मुख्य चौक पर आयोजित “फेस्टिवल धमाका” कार्यक्रम में लकी ड्रा और कवि सम्मेलन ने लोगों को आनंद से भर दिया। बड़ी संख्या में नगरवासियों की उपस्थिति में यह आयोजन कला, मनोरंजन और सामुदायिक सहभागिता का शानदार उदाहरण बना।

Dec 10, 2025 - 17:05
 0  11
बांकीमोंगरा में फेस्टिवल धमाका, लकी ड्रा और कवि सम्मेलन से सजी यादगार शाम

 UNITED NEWS OF ASIA. भूपेंद्र साहू, कोरबा। कोरबा जिले के नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा के मुख्य चौक पर मंगलवार शाम “फेस्टिवल धमाका” कार्यक्रम के तहत भव्य आयोजन देखने को मिला। स्थानीय आयोजकों भोलेशंकर अग्रवाल (यश मोबाइल), समीर अग्रवाल (मीनाक्षी ट्रेड) एवं कौशल सोनी (जय दुर्गा ज्वेलर्स) के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस कार्यक्रम में लकी ड्रा समारोह के साथ-साथ शानदार कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसने देर रात तक लोगों को कार्यक्रम से जोड़े रखा।

कार्यक्रम की शुरुआत रोमांचक लकी ड्रा से हुई। बड़ी संख्या में लोगों ने इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया। जैसे ही विजेताओं के नामों की घोषणा हुई, मुख्य चौक तालियों और खुशियों से गूंज उठा। मुख्य पुरस्कार जीतने वाले प्रतिभागी को आयोजकों द्वारा सम्मानपूर्वक पुरस्कृत किया गया, जिससे उपस्थित जनसमूह का उत्साह और भी बढ़ गया।

लकी ड्रा के बाद बहुप्रतीक्षित कवि सम्मेलन का आयोजन हुआ, जिसमें बंशीधर मिश्रा (भिलाईगढ़), देवेंद्र परिहार (मुंगेली) और  अंजू सहित अन्य कवियों ने मंच संभाला। कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से हास्य, व्यंग्य, देशभक्ति और श्रृंगार रस की सुंदर प्रस्तुति दी। हास्य कविताओं पर श्रोता देर रात तक ठहाकों से गूंजते रहे, वहीं देशभक्ति और प्रेम पर आधारित रचनाओं ने श्रोताओं को भावुक कर दिया।

आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों का उद्देश्य नगरवासियों को मनोरंजन के साथ-साथ एक साझा सांस्कृतिक मंच प्रदान करना है, जिससे कला, साहित्य और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा मिले। मुख्य चौक पर आयोजित यह “फेस्टिवल धमाका” कार्यक्रम बांकीमोंगरा के लिए एक यादगार शाम बन गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष  सोनी विकास की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में भाजयुमो छत्तीसगढ़ प्रदेश कोषाध्यक्ष विकास झा, बांकीमोंगरा भाजपा मंडल अध्यक्ष उदय शर्मा, मंडल कोषाध्यक्ष मुकेश अग्रवाल, पार्षद राकेश अग्रवाल, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. जे.पी. चंद्रा सहित बड़ी संख्या में व्यापारीगण और नगरवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों, आयोजन समिति और कवियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर की गई।