बचेली में भव्य काली पूजा — 38वें वर्ष भी उमड़ा भक्तों का जनसैलाब
बचेली में दीपावली की रात माँ काली की 38वीं भव्य पूजा का आयोजन हुआ। ओड़िशा से आए पुरोहितों ने पूजा संपन्न कराई और हजारों श्रद्धालु देर रात तक माँ काली के दर्शन करते रहे। महाभंडारे में क्षेत्रभर से भक्तों की भीड़ उमड़ी।
UNITED NEWS OF ASIA. नवीन चौधरी, बचेली (दंतेवाड़ा) | दंतेवाड़ा जिले के बचेली में इस वर्ष भी दीपावली की अमावस्या की रात पारंपरिक और भव्य रूप से माँ काली की पूजा आयोजित की गई। मेन मार्केट स्थित विशाल पंडाल में देवी की प्रतिमा की स्थापना के साथ चारों ओर श्रद्धा और उत्साह का माहौल छा गया।
देवी स्थापना समिति के अध्यक्ष नागेंद्र सिंह और रघु दत्ता ने बताया कि यह लगातार 38वां वर्ष है जब बचेली में माँ काली की प्रतिमा स्थापित की जा रही है। यह आयोजन बचेलीवासियों के सामूहिक सहयोग से हर साल संभव हो पाता है।
ओड़िशा मलखानगिरी एमवी-23 से आए पुरोहित तरुण मुखर्जी ने मंत्रोच्चारण कर माँ काली की आराधना की। यजमान के रूप में पंकज घोष ने पूजा सम्पन्न कर क्षेत्र में सुख, समृद्धि और शांति की कामना की। मध्यरात्रि के बाद आशीष विश्वास द्वारा बली पूजा का आयोजन किया गया।
पूजा स्थल पर ओड़िशा एमवी-96 के ढाकी प्रशांतो हलधर के ढाक वादन से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
समिति सदस्यों सलीम रजा उस्मानी, संतोष दुबे, गुड्डा साव, भरत शर्मा और नरेंद्र चौधरी ने बताया कि प्रतिदिन खिचड़ी प्रसाद वितरण और भजन-संध्या का आयोजन किया जा रहा है। गुरुवार को महाभंडारा में आसपास के गाँवों से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं ने माँ काली के प्रसाद का लाभ लिया।
मेन मार्केट का पंडाल इस वर्ष भी भव्य साज-सज्जा और श्रद्धा का संगम बना हुआ है।