दिलीप सिंह भूरिया ने कहा कि जिले में लंबे समय से फर्जी डॉक्टरों द्वारा इलाज किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इसके बावजूद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग इस गंभीर समस्या को नजरअंदाज कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन के पास जानकारी होने के बावजूद अवैध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
उन्होंने कहा कि जिस तरह जिले में अवैध शराब की बिक्री हो रही है, उसी तरह अवैध दवाइयों का कारोबार और फर्जी डॉक्टरों द्वारा इलाज भी खुलेआम चल रहा है। कई स्थानों पर ऐसे लोग मरीजों का इलाज कर रहे हैं जिनके पास कोई वैध मेडिकल डिग्री या प्रशिक्षण नहीं है।
भूरिया ने कहा कि विशेष रूप से आदिवासी क्षेत्रों में अनपढ़ या अनुभवहीन लोग फर्जी डिग्रियों के सहारे क्लीनिक चलाकर ग्रामीणों का इलाज कर रहे हैं। बिना किसी तय चिकित्सा मानक के मरीजों को दवाइयां दी जा रही हैं। कई मामलों में मरीजों को तुरंत राहत देने के लिए स्टेरॉयड जैसे केमिकल का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे बाद में गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे इलाज से मरीजों को शुरुआत में राहत मिल जाती है, लेकिन बाद में इसके दुष्प्रभाव सामने आते हैं, जिनका इलाज केवल बड़े अस्पतालों और विशेषज्ञ डॉक्टरों के पास ही संभव होता है। इससे गरीब और आदिवासी परिवारों पर आर्थिक बोझ भी बढ़ जाता है।
दिलीप सिंह भूरिया ने कहा कि यह स्थिति जिले की सभ्य जनता और आदिवासी ग्रामीणों की जान के साथ खिलवाड़ करने के समान है। उन्होंने जिला कलेक्टर से मांग की कि जिले में संचालित सभी फर्जी क्लीनिक और अवैध अस्पतालों की जांच कर उन्हें तत्काल बंद करवाया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर प्रशासन ने ठोस कार्रवाई नहीं की तो आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता फर्जी डॉक्टरों के क्लीनिक और अस्पतालों के सामने धरना-प्रदर्शन करेंगे और उन्हें बंद करवाने का आंदोलन करेंगे। इस दौरान यदि कोई अप्रिय स्थिति बनती है तो उसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की होगी।
भूरिया ने कहा कि आदिवासी क्षेत्र के गरीब लोगों को सरकारी अस्पतालों में बेहतर और नि:शुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं मिलनी चाहिए। जब सरकारी अस्पताल मौजूद हैं, तब लोगों को फर्जी डॉक्टरों से इलाज करवाने के लिए मजबूर नहीं होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम आदमी पार्टी जिले में लोगों की जान के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ नहीं होने देगी।