1400 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति, 852 करोड़ का मॉल… कर्नाटक के भावी सीएम डीके शिवकुमार की दौलत चर्चा में

कर्नाटक की राजनीति में बड़े बदलाव के बीच डीके शिवकुमार का नाम नए मुख्यमंत्री के तौर पर सामने आया है। इसी के साथ उनकी अरबों रुपये की संपत्ति भी चर्चा में आ गई है। चुनावी हलफनामे के अनुसार डीके शिवकुमार और उनके परिवार की कुल संपत्ति 1400 करोड़ रुपये से ज्यादा है।

May 28, 2026 - 16:29
 0  2
1400 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति, 852 करोड़ का मॉल… कर्नाटक के भावी सीएम डीके शिवकुमार की दौलत चर्चा में

UNITED NEWS OF ASIA. बेंगलुरु। कर्नाटक की राजनीति में लंबे समय से चल रहा सियासी संघर्ष आखिरकार खत्म हो गया है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के इस्तीफे के बाद अब डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार का मुख्यमंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा है। सत्ता परिवर्तन की खबर सामने आते ही इंटरनेट पर डीके शिवकुमार ट्रेंड करने लगे हैं और लोग उनकी संपत्ति तथा राजनीतिक सफर के बारे में जानकारी खोज रहे हैं।

डीके शिवकुमार देश के सबसे अमीर नेताओं में गिने जाते हैं। विधानसभा चुनाव 2023 के दौरान दाखिल किए गए चुनावी हलफनामे में उन्होंने अपनी और अपने परिवार की कुल संपत्ति 1413 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई थी। हालांकि इसके साथ ही उन पर 503 करोड़ रुपये से ज्यादा का कर्ज भी दर्ज है।

हलफनामे के अनुसार डीके शिवकुमार के पास चल और अचल दोनों तरह की बड़ी संपत्तियां हैं। उन्होंने अपनी व्यक्तिगत चल संपत्ति करीब 244 करोड़ रुपये बताई थी, जबकि परिवार सहित यह आंकड़ा 273 करोड़ रुपये से ज्यादा पहुंचता है। वहीं अचल संपत्ति की कीमत 970 करोड़ रुपये बताई गई थी, जो परिवार सहित करीब 1140 करोड़ रुपये तक पहुंचती है।

डीके शिवकुमार की सबसे चर्चित संपत्तियों में से एक ग्लोबल मॉल है, जिसकी कीमत करीब 852 करोड़ रुपये बताई जाती है। इसके अलावा उनके पास कई कमर्शियल प्रॉपर्टी, दुकानें और आलीशान घर मौजूद हैं। चुनावी हलफनामे के मुताबिक उनके और उनकी पत्नी के नाम पर लगभग 30 करोड़ रुपये की कृषि भूमि भी दर्ज है। वहीं कई फ्लैट और मकानों की कीमत 84 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है।

बैंक खातों में जमा राशि को लेकर भी डीके शिवकुमार चर्चा में रहते हैं। हलफनामे में बताया गया था कि उनके और परिवार के विभिन्न बैंक खातों में 16 करोड़ रुपये से ज्यादा जमा हैं। इसके अलावा उन्होंने शेयर बाजार में भी करोड़ों रुपये का निवेश किया हुआ है। अलग-अलग कंपनियों और डेवलपर्स के शेयरों में उन्होंने और उनकी पत्नी ने करीब 4.20 करोड़ रुपये निवेश किए हैं। वहीं करीब 9 करोड़ रुपये की फिक्स्ड डिपॉजिट भी दर्ज है।

कीमती सामानों की बात करें तो डीके शिवकुमार के पास लग्जरी घड़ियों का भी बड़ा कलेक्शन है। Rolex और Hublot जैसी महंगी घड़ियां उनके पास मौजूद हैं। वहीं परिवार के पास 3.28 करोड़ रुपये से ज्यादा की ज्वेलरी होने का खुलासा भी हलफनामे में किया गया था।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कांग्रेस नेतृत्व ने कर्नाटक में सत्ता संतुलन बनाए रखने के लिए डीके शिवकुमार को बड़ी जिम्मेदारी सौंपने का फैसला लिया है। सिद्धारमैया के इस्तीफे के बाद अब पार्टी संगठन और सरकार दोनों की कमान शिवकुमार के हाथों में आने की संभावना है।

डीके शिवकुमार लंबे समय से कांग्रेस के मजबूत रणनीतिकार माने जाते हैं। पार्टी को संकट से निकालने और विधायकों को एकजुट रखने में उनकी अहम भूमिका रही है। यही वजह है कि उन्हें कांग्रेस का संकटमोचक भी कहा जाता है।

अब कर्नाटक की राजनीति में नए अध्याय की शुरुआत होने जा रही है। मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी मिलने के बाद डीके शिवकुमार के सामने राज्य में राजनीतिक स्थिरता बनाए रखने और विकास से जुड़े बड़े मुद्दों पर काम करने की चुनौती होगी।