अमित बघेल के विवादित बयान पर अग्रवाल समाज में आक्रोश, दर्री थाने में ज्ञापन सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग
कोरबा में जोहार छत्तीसगढ़ और छत्तीसगढ़ी क्रांति सेना के प्रदेश अध्यक्ष अमित बघेल द्वारा श्री अग्रसेन महाराज समेत कई महान व्यक्तित्वों पर अमर्यादित टिप्पणी करने के खिलाफ अग्रवाल समाज में गहरा आक्रोश है। अग्रवाल सभा दर्री, जमनीपाली और जेलगांव के प्रतिनिधियों ने दर्री थाना में ज्ञापन सौंपकर बघेल के विरुद्ध FIR दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
UNITED NEWS OF ASIA. भूपेंद्र साहू, कोरबा। जोहार छत्तीसगढ़ और छत्तीसगढ़ी क्रांति सेना के प्रदेश अध्यक्ष अमित बघेल द्वारा श्री अग्रसेन महाराज, वरुण देव, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जैसे महान व्यक्तित्वों को लेकर की गई अमर्यादित टिप्पणी के खिलाफ प्रदेशभर में अग्रवाल और सिंधी समाज में गहरा आक्रोश फैल गया है।
इसी कड़ी में आज अग्रवाल सभा दर्री, जमनीपाली, जेलगांव और आसपास के क्षेत्रों के अग्रवाल समाज के सदस्यों ने दर्री थाना पहुंचकर पुलिस को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि अमित बघेल के विवादित बयान से न केवल अग्रवाल समाज बल्कि पूरे हिंदू समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। यह बयान सामाजिक सौहार्द को कमजोर करने और धार्मिक अराजकता फैलाने की मंशा दर्शाता है।
अग्रवाल समाज ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि अमित बघेल के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि बघेल पहले भी जैन संतों के खिलाफ विवादित बयान देकर विवादों में रहे हैं और अब वे समाज में वैमनस्य फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।
समाजजनों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे उग्र आंदोलन, धरना प्रदर्शन और चक्का जाम जैसे कदम उठाने के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान अग्रवाल सभा दर्री, जमनीपाली, जेलगांव, स्याहीमुड़ी और सुमेधा के बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
स्थान: कोरबा